अजमेर में 37वीं अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में पहुंचीं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
अजमेर में 37वीं अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में पहुंचीं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह


अजमेर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। चंद्रवरदाई स्टेडियम में आयोजित 37वीं अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में शनिवार को उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शिरकत की। उन्होंने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना और समर्पण की सराहना की। इस दौरान उन्होंने स्वयं हॉकी थामकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान दिल्ली की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में बालक-बालिकाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों के बीच खेल भावना और बेहतर प्रदर्शन को लेकर उत्सुकता रही। उपमुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि प्रतियोगिता में पहुंचकर उन्हें बेहद अच्छा लगा। बच्चों में खेलों को लेकर उत्साह देखकर प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनसे न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है।

उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में खिलाड़ी हार-जीत से आगे बढ़कर संघर्ष, सहयोग और समर्पण की सीख लेते हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता पहचानने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

दिया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया जैसी पहलों से देश में खेलों को प्रोत्साहन मिला है। राजस्थान सरकार भी खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजन भविष्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, विद्या भारती के मंत्री सुरेंद्र अरोड़ा, जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश, पर्यवेक्षक कैलाश धननगर, नवीन झा, प्रेमशंकर, सत्यनारायण, संजय शर्मा और राजेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे बालक-बालिकाओं और आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों की मौजूदगी में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766002 Articles

Share this story