लाइव प्रेजेंटेशन में त्वचा रोगों पर हुआ गहन मंथन

WhatsApp Channel Join Now
लाइव प्रेजेंटेशन में त्वचा रोगों पर हुआ गहन मंथन


बीकानेर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। बीकानेर में आयोजित भारतीय चर्म, रति एवं कुष्ठ रोग विशेषज्ञ संगठन के 47वें राज्य स्तरीय दो दिवसीय त्वचा रोग विशेषज्ञ सम्मेलन का रविवार को ज्ञानवर्धक चर्चाओं, आत्मीय मुलाकातों और भावुक विदाई के साथ समापन हुआ। त्वचा आरोग्य सेवा न्यास के संयोजन में जयपुर-जोधपुर बाईपास स्थित गणेशम रिसॉर्ट में आयोजित इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से आए त्वचा रोग विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान 35 से अधिक लाइव प्रेजेंटेशन और वैज्ञानिक प्रस्तुतियों के माध्यम से त्वचा संबंधी विभिन्न बीमारियों, उनके निदान, आधुनिक उपचार पद्धतियों, नई तकनीकों और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया गया।

दो दिनों तक चले इस सम्मेलन में वैज्ञानिक गतिविधियों के साथ चिकित्सकों के आपसी संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के प्रदर्शन और सामाजिक आत्मीयता की भी विशेष झलक देखने को मिली। सम्मेलन के समापन पर बाहर से आए चिकित्सकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं, आतिथ्य सत्कार और वैज्ञानिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।

सम्मेलन के वैज्ञानिक सत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने त्वचा रोगों से संबंधित अपने शोध, अध्ययन और व्यावहारिक अनुभव साझा किए। 35 से अधिक लाइव प्रेजेंटेशन, पावरपॉइंट प्रस्तुतियों और कार्यशालाओं के माध्यम से विभिन्न त्वचा रोगों की पहचान, उनके उपचार की नवीन तकनीकों और मरीजों की बेहतर देखभाल से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

दो दिवसीय सम्मेलन को सफल बनाने में आयोजन से जुड़े चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन की प्रमुख कड़ी के रूप में डॉ. आर.डी. मेहता, डॉ. बी.सी. घीया, डॉ. मोहित बंसल, डॉ. प्रसून सोनी, डॉ. सौरभ अग्रवाल, डॉ. दीपिका सिंह और डॉ. राधेश्याम सहित आयोजन से जुड़े अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766639 Articles

Share this story