जनगणना के साथ विभागीय काम भी करने के आदेश पर भडक़े प्रगणक

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना के साथ विभागीय काम भी करने के आदेश पर भडक़े प्रगणक


जोधपुर, 21 मई (हि.स.)। प्रदेश में जनगणना का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी बीच जयपुर निदेशालय से जारी एक आदेश के चलते जोधपुर में जनगणना करने वाले प्रगणक भडक़ गए। आदेश में कहा गया था कि प्रगणक आधे दिन जनगणना और आधे दिन कार्यालय का सरकारी काम करेंगे। इसके विरोध में सैकड़ों प्रगणक नारेबाजी करते हुए मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर पहुंचे, जहां जनसुनवाई चल रही थी। नारेबाजी सुनकर प्रशासनिक अधिकारी बाहर आए। उन्होंने प्रगणकों से वार्ता की और आश्वासन दिया कि इस तरह के आदेश को वापस लिया जाएगा। इसके बाद जाकर मामला शांत हुआ।

एडीएम प्रथम जवाहर चौधरी ने बताया कि आदेश जारी होने में कुछ भ्रम हो गया था और आदेश वापस हो जाएगा। निदेशालय से जारी आदेश के आधार पर स्थानीय एडीएम ने भी आधे दिन जनगणना और आधे दिन सरकारी कार्य करने के आदेश जारी कर दिए थे। गुरुवार को आदेश आते ही जनगणना में लगे कार्मिक नाराज हो गए। पहले वे नगर निगम गए, जहां कोई अधिकारी नहीं मिलने पर वे मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर पहुंचे। केंद्र की सीढिय़ों पर सभी ने अपने जनगणना किट रख दिए और अंदर जमीन पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। प्रगणकों ने बताया कि इस आदेश से कोई भी काम नहीं कर सकता।

सुबह जनगणना करने के बाद उसे जांचने तक ही दोपहर हो जाती है। इसके बाद शाम को वापस भी जाना होता है, इसलिए वे इस आदेश का विरोध कर रहे हैं। प्रगणकों ने प्रशासन से ऐसे कर्मियों को हटाने की मांग की जो बीमार और असमर्थ हैं, क्योंकि उनके लिए फील्ड में जाना संभव नहीं है। इसके अलावा, 300 से अधिक मकानों का जिम्मा उठाने वाले कार्मिकों को अतिरिक्त सहयोगी लगाने की मांग पूरी करने का आश्वासन दिया गया। प्रगणकों ने बताया कि कई कार्मिकों को 600 से 1300 घरों का जिम्मा दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story