टेट अनिवार्यता में विधायी संशोधन की मांग
जोधपुर, 27 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) जोधपुर के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) की अनिवार्यता से जुड़े विषय पर विधायी संशोधन की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के संदर्भ में वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
महासंघ के जिला मंत्री सुभाष विश्नोई ने बताया कि जिलाध्यक्ष भरतसिंह चौधरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री को शिक्षक समाज की चिंताओं, विधिक तथ्यों, प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों तथा मानवीय पक्ष से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर न्यायसंगत, व्यावहारिक एवं संवेदनशील निर्णय लिया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष भरतसिंह चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कुमार व्यास, प्रदेश सह-संगठन मंत्री नरेश सोलंकी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

