धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग


जोधपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एमडी चोपदार के निर्देशानुसार जोधपुर शहर जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने बाड़मेर, जैसलमेर एवं बीकानेर के सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित धार्मिक स्थलों की सुरक्षा एवं प्रशासनिक कार्रवाई में संवैधानिक प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष मोहम्मद फिरोज फेम ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित कुछ मंदिरों, मस्जिदों एवं अन्य धार्मिक स्थलों को हटाया जा रहा है। इस कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों एवं संबंधित समुदायों में चिंता का माहौल है।

इस अवसर पर जोधपुर से जिला कांग्रेस कमेटी जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमकार वर्मा, पूर्व विधायक मनीषा पंवार, पूर्व महापौर कुंती परिहार, पूर्व जिला अध्यक्ष सलीम खान व ब्लॉक अध्यक्ष अख्तर खान सिंधी ने कहा कि कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। ज्ञापन का उद्देश्य किसी भी प्रकार का विरोध करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि धार्मिक स्थलों से संबंधित किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई को संविधान, कानून एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जाए, जिससे सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महासचिव नवाब खान, प्रदेश संयुक्त सचिव साजिद जोधाणा, पूर्व उपमहापौर गनी फौजदार, भंवरलाल सियोल, कानाराम भाटी, शबनम अब्बासी, अभिजीत गांधी, अकबर मंसूरी, मोहम्मद उमर, पूर्व पार्षद अब्दुल जावेद, अरशद चौहान, घेवर जांगिड़, जगदीश प्रसाद, कौशल्या अग्रवाल सहित कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story