छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एनएसयूआई का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
बीकानेर, 06 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग को लेकर गुरुवार को जिले के नोखा स्थित मांगीलाल बागड़ी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर एनएसयूआई द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय का मुख्य द्वार बंद कर टायर जलाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा छात्रसंघ चुनाव की तिथि शीघ्र घोषित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा ने कहा कि “छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला हैं। छात्रसंघ युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सबसे सशक्त माध्यम है। सरकार द्वारा लगातार छात्रसंघ चुनाव टालना विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। प्रदेश का छात्र वर्ग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक है और अब चुप बैठने वाला नहीं है। यदि शीघ्र छात्रसंघ चुनाव की घोषणा नहीं की गई तो एनएसयूआई प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी तथा सड़क से लेकर सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। सरकार को छात्रों की भावनाओं का सम्मान करते हुए अविलंब छात्रसंघ चुनाव बहाल करने चाहिए।”
प्रदर्शन में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दिनेश सारण, किशन सारण, जितेंद्र कसवां, मनोज गोदारा, रामजस कसवां, सुभाष गोदारा, सोनू जोशी कैलाश पूनिया, राहिल कुरेशी, अमन गिरी, पंकज भार्गव, देवकिशन सारण ओपी भांभू, बजरंग सहित एनएसयूआई के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी, नोखा को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस जिला महासचिव मुरली गोदारा, कैलाश पूनियां सुरेंद्र गोदारा, ओम चौधरी सहित युवा उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

