देश-प्रदेश में एक साथ उठेगी आवाज: गाे माता को मिले राष्ट्रमाता का दर्जा, गाेहत्या पर लगे पूर्ण प्रतिबंध
जयपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। गाे माता को राष्ट्र माता घोषित करने, देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गाे संरक्षण को प्रभावी बनाने की मांग को लेकर चल रहे गाे सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। अभियान के तहत 27 जुलाई को देश के सभी जिला मुख्यालयों के साथ जयपुर जिला कलेक्ट्रेट पर भी जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इसी क्रम में सोमवार को वैशाली नगर स्थित गौ क्रांति मंच के प्रदेश कार्यालय में बैठक आयोजित हुई। बैठक में अभियान की रणनीति, जनसंपर्क, हस्ताक्षर अभियान और ज्ञापन कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए गौ ऋषि प्रकाश दास महाराज ने कहा कि 27 जुलाई को देश और प्रदेश में एक साथ गौ सम्मान की आवाज बुलंद होगी। उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण, जैविक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार हैं। इसलिए केन्द्र सरकार गौ माता को राष्ट्र माता और राजस्थान सरकार राज्य माता का दर्जा प्रदान करे। पूरे देश में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करे।
अभियान से जुड़े ताराचंद कोठारी ने बताया कि जयपुर के आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में पिछले एक पखवाड़े से हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु समर्थन दे रहे हैं। आगामी दिनों में शहर के प्रमुख मंदिरों, गौशालाओं और सार्वजनिक स्थलों पर भी जनसमर्थन जुटाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ज्ञापन में गाे माता को राष्ट्र माता घोषित करने के साथ-साथ देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, पशु तस्करी पर कठोर कार्रवाई, परित्यक्त एवं निराश्रित गौवंश के संरक्षण के लिए प्रभावी राष्ट्रीय नीति, प्रत्येक जिले में आधुनिक गौशालाओं की स्थापना, गौ आधारित प्राकृतिक कृषि को प्रोत्साहन तथा गाे संरक्षण संबंधी कानूनों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।
बैठक में अभियान से अधिकाधिक नागरिकों, संत-महात्माओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, गौशाला संचालकों और युवाओं को जोडऩे का निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों ने 27 जुलाई को जयपुर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर इस राष्ट्रव्यापी जनअभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

