पूर्व सैनिक सेवा परिषद की प्रदेश वार्षिक बैठक में संगठन को मजबूत बनाने पर मंथन

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व सैनिक सेवा परिषद की प्रदेश वार्षिक बैठक में संगठन को मजबूत बनाने पर मंथन


जयपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद (राजस्थान) की प्रदेश वार्षिक बैठक आबू रोड स्थित ब्रह्माकुमारी के मानसरोवर परिसर में 4 और 5 सितंबर को आयोजित हुई। बैठक की मेजबानी जोधपुर प्रांत ने की। रमणीक और सकारात्मक वातावरण से परिपूर्ण परिसर में आयोजित बैठक में राजस्थान के विभिन्न प्रांतों से 125 सदस्यों ने भाग लिया।

प्रदेश अध्यक्ष मेजर जनरल अनुज माथुर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के शुभारंभ पर कमांडर प्रियंका चौधरी ने राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया। जोधपुर प्रांत के सचिव फ्लाइंग ऑफिसर नारायण सिंह जोधा ने स्वागत उद्बोधन दिया।

बैठक के प्रशिक्षण सत्र में प्रदेश महासचिव कमांडर बनवारी लाल ने परिषद की नियमावली और संगठनात्मक दायित्वों पर प्रकाश डाला। कमांडर प्रियंका चौधरी ने ‘नारी शक्ति का राष्ट्र निर्माण में योगदान’ विषय पर संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित किया।

जयपुर प्रांत के सचिव जे.डब्ल्यू.ओ. डालसिंह शेखावत ने परिषद की गतिविधियों में आई शिथिलता पर विचार रखे।

प्रदेश संगठन सह सचिव सूबेदार प्रणब मुखर्जी ने ‘संगठन में शक्ति सृजन’, जबकि जयपुर प्रांत के संगठन सचिव सीआई भवानी सिंह चारण ने ‘प्रवास की महत्ता’ विषय पर संबोधित किया। जोधपुर प्रांत के उपाध्यक्ष कर्नल मदन सिंह जोधा ने ईसीएचएस के बदलते स्वरूप पर जानकारी दी। वहीं कर्नल धन्नाराम सिहाग ने संगठन की एकजुटता और मजबूती पर जोशीला संबोधन दिया।

तीसरे सत्र में प्रदेश महासचिव कमांडर बनवारी लाल ने प्रदेश के वित्तीय खातों और बैलेंस शीट की विस्तृत जानकारी सदस्यों के समक्ष रखी। बैठक में इसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।

चित्तौड़ प्रांत के अध्यक्ष कमोडोर अंशुमन दत्त, जयपुर प्रांत के अध्यक्ष एयर कमोडोर चंद्रमौली, तथा जोधपुर प्रांत के अध्यक्ष मेजर जनरल नरपत सिंह राजपुरोहित ने भी संबोधित किया।

वक्ताओं ने संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा पूर्व सैनिकों को परिषद से अधिक मजबूती से जोड़ने के लिए सुझाव दिए।

प्रदेश अध्यक्ष मेजर जनरल अनुज माथुर ने अपने संबोधन में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं में सक्रियता बढ़ाने और संगठन में शक्ति सृजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परिषद के उद्देश्यों के अनुरूप निरंतर सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

समापन अवसर पर जोधपुर प्रांत के अध्यक्ष मेजर जनरल नरपत सिंह राजपुरोहित ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ दो दिवसीय प्रदेश वार्षिक बैठक का समापन हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story