रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का 2 नवंबर को जैसलमेर का दौरा

WhatsApp Channel Join Now
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का 2 नवंबर को जैसलमेर का दौरा


जैसलमेर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का 2 नवंबर को जैसलमेर में दौरा प्रस्तावित है। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे विशेष विमान से जैसलमेर पहुंचेंगे और सीधे आर्मी कैंट जाएंगे। अगले दिन 3 नवंबर को शहर के एक निजी होटल में संसदीय रक्षा समिति की बैठक होगी। उस बैठक के बाद रक्षा मंत्री दोपहर में विशेष विमान से दिल्ली लौट जाएंगे।

बैठक में अलग-अलग राजनीतिक दलों के सांसद शामिल हो सकते हैं। इनमें सुप्रिया सुले, पवन खेड़ा और राघव चड्ढा के नाम भी चर्चा में हैं। समिति के अन्य सदस्य, रक्षा मंत्रालय के अधिकारी और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल हो सकते हैं। हालांकि अभी तक दौरे का शेड्यूल सामने नहीं आ पाया है।

प्रस्तावित दौरे को देखते हुए एयरपोर्ट, आर्मी कैंट और बैठक स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की तैयारियां की जा रही हैं। जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां भी व्यवस्थाओं में जुटी हैं। बैठक के एजेंडे और उसमें उठाए जाने वाले मुद्दों की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 23-24 अक्टूबर 2025 को भी जैसलमेर दौरे पर आए थे। 24 अक्टूबर को उन्होंने सेना कमांडर सम्मेलन में हिस्सा लिया और सुरक्षा स्थिति व ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी और सेना के वरिष्ठ कमांडर मौजूद थे।

उस सम्मेलन में ग्रे जोन वॉरफेयर, तीनों सेनाओं के बीच तालमेल, आत्मनिर्भरता और नई तकनीक पर चर्चा हुई। राजनाथ सिंह ने तनोट और लोंगेवाला के अग्रिम क्षेत्रों का दौरा भी किया। लोंगेवाला युद्ध स्थल पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी और मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी की स्मृति में चांदपुरी हॉल का उद्घाटन किया। इस दौरान सेना की नई तकनीकों और युद्ध क्षमता का प्रदर्शन भी किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्रशेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story