दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर 20 से 25 सितंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर 20 से 25 सितंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम


जयपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति समारोह समिति की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर 20 से 25 सितंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में कार्यक्रमों के पोस्टर का विमोचन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश चंद अग्रवाल, समारोह समिति के अध्यक्ष प्रो. मोहनलाल छीपा और सचिव प्रतापभानू सिंह शेखावत ने किया।

समिति के अध्यक्ष प्रो. मोहनलाल छीपा ने बताया कि 25 सितंबर को धानक्या स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्मारक पर ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय : एकात्म मानवदर्शन एवं भारतीय ज्ञान परंपरा’ विषय पर स्मृति व्याख्यान होगा। कार्यक्रम दोपहर 3.30 बजे शुरू होगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले मुख्य मुख्य वक्ता होंगे। जेईसीआरसी विश्वविद्यालय के अध्यक्ष ओ.पी. अग्रवाल विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि अध्यक्षता उद्योगपति एवं समाजसेवी मनीष गुप्ता करेंगे।

कार्यक्रम में ‘हमने दीनदयाल उपाध्याय को देखा है’ तथा पिछले वर्ष हीरक जयंती के अवसर पर प्रस्तुत शोध पत्रों पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया जाएगा। दीनदयाल उपाध्याय पर शोध करने वाले शोधार्थियों तथा वर्ष 2026 में राजस्थान से पद्मश्री के लिए चयनित व्यक्तियों का सम्मान भी किया जाएगा।

सचिव प्रतापभानू सिंह शेखावत ने बताया कि 20 सितंबर को समिति के महिला प्रकोष्ठ की ओर से ‘एकात्म मानव दर्शन एवं स्त्री विमर्श’ विषय पर व्याख्यान होगा। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी मुख्य अतिथि और भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी मुख्य वक्ता होंगी। अध्यक्षता समाजसेविका एवं उद्योगपति अलका पांडे करेंगी। इसी दिन ‘दीनदयाल को जानो प्रतियोगिता’ का ऑनलाइन आयोजन भी होगा।

21 और 22 सितंबर को केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, जयपुर और समिति के संयुक्त तत्वावधान में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय एकात्म दर्शन और भारतीय ज्ञान परंपरा’ विषय पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी होगी। संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक जे. नंद कुमार मुख्य वक्ता होंगे। संगोष्ठी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आयोजित की जाएगी।

समिति के उपाध्यक्ष नीरज कुमावत ने बताया कि 23 से 25 सितंबर तक धानक्या स्मारक स्थल पर तीन दिवसीय दीनदयाल मेले का आयोजन होगा। इसमें कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं, दीनदयाल नाटक का मंचन, मेहंदी, रंगोली, चित्रकला और विज्ञान मॉडल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। किसान चौपाल के साथ विभिन्न प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। तीनों दिन स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी स्मारक की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारीक

Share this story