सलूंबर में 5 मासूमों की मौत पर जूली ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

WhatsApp Channel Join Now
सलूंबर में 5 मासूमों की मौत पर जूली ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप


सलूंबर, 25 अप्रैल (हि.स.)। सलूंबर जिले के लसाड़िया क्षेत्र में रहस्यमयी बीमारी से पांच मासूम बच्चों की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शनिवार को नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने लालपुरा गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध होता, तो इन मासूमों की जान बचाई जा सकती थी।

गांव दौरे के दौरान जूली ने मौके से ही स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव गायत्री राठौड़ से फोन पर बातचीत की। उन्होंने पूछा कि बच्चों की मौत के मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई है और क्या बीमारी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सका है। जूली ने स्वास्थ्य विभाग में खाली पड़े पदों और ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं की कमी को भी गंभीर समस्या बताया।

नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद पीड़ित परिवारों को अब तक मुख्यमंत्री राहत कोष से कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यह आदिवासी क्षेत्र पहले से ही उपेक्षा का शिकार है, जहां नरेगा भुगतान में देरी, शिक्षा व्यवस्था की कमजोरी और बुनियादी सुविधाओं का अभाव साफ दिखाई देता है।

जूली ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार इस गंभीर मुद्दे को हल्के में ले रही है और उसे केवल वोटों की राजनीति की चिंता है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष का कोई बड़ा नेता अब तक पीड़ितों का हाल जानने नहीं पहुंचा, जो सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने आदिवासी क्षेत्र के विकास बजट में भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी बीमारी की स्थिति में अंधविश्वास से बचें और मरीज को तुरंत डॉक्टर के पास ले जाएं, ताकि समय पर इलाज मिल सके। जूली ने भरोसा दिलाया कि वे इस पूरे मामले को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएंगे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story