सरकारी नौकरी की खुशी मातम में बदली; बेटे को नियुक्ति पत्र मिलने के कुछ ही देर बाद पिता की ट्रेन हादसे में मौत

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी नौकरी की खुशी मातम में बदली; बेटे को नियुक्ति पत्र मिलने के कुछ ही देर बाद पिता की ट्रेन हादसे में मौत


डूंगरपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में साबेला बायपास के समीप शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहां असारवा-उदयपुर ट्रेन की चपेट में आने से एक 55 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। दिल दहला देने वाली बात यह है कि मृतक के घर में कुछ ही समय पहले बेटे की सरकारी नौकरी की खुशियां आईं थीं, जो इस हादसे के बाद पल भर में मातम में बदल गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजपुर निवासी गौतमलाल साद (55) के पुत्र जिम्मी साद का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर चयन हुआ था। शनिवार को शहर के विजयाराजे सिंधिया ऑडिटोरियम में आयोजित 'मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव' कार्यक्रम के दौरान जिम्मी को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र सौंपा गया था। बेटे के सरकारी सेवा में चयनित होने से पूरे परिवार में उत्सव का माहौल था और हर तरफ से बधाइयां मिल रही थीं, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। नियुक्ति पत्र मिलने के कुछ ही देर बाद एक बेहद दुखद हादसा घटित हो गया। गौतमलाल साद अपने फार्म से घर लौटने के दौरान साबेला बायपास के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी वे अचानक असारवा-उदयपुर ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन की टक्कर से गौतमलाल की मौके पर ही मौत हो गई।

जिस घर में कुछ ही देर पहले तक बेटे की कामयाबी का जश्न मनाया जा रहा था, वहां पिता की मौत की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया और खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story