13 शहरों में बारिश, कोटा-टोंक में ओलावृष्टि

WhatsApp Channel Join Now
13 शहरों में बारिश, कोटा-टोंक में ओलावृष्टि


जयपुर, 30 मार्च (हि.स.)। जयपुर। पश्चिम विक्षोभ के असर से सोमवार को प्रदेश के 13 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के दौरान तेज हवाओं के साथ कोटा-टोंक में ओलावृष्टि हुई। आंधी-बारिश और बादल छाए रहने से प्रदेश के अधिकांश शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शहरों के अधिकतम तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। बारिश का यह दौर पांच अप्रेल तक चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, वनस्थली, सीकर, कोटा, डबोक, बाड़मेर, जोधपुर, फलौदी, बीकानेर और चूरू सहित अन्य कुछ शहरों में बारिश हुई। कोटा में सबसे ज्यादा करीब एक इंच बारिश दर्ज की गई। बारिश के दौरान तेज हवाएं चलने से कोटा में कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। बारिश के साथ कोटा में ओले भी गिरे। जयपुर सहित कई शहरों में बादल छाए रहे, इससे शहरों के तापमान में 2 से 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। 37 डिग्री के साथ कोटा का दिन और 25.7 डिग्री के साथ जोधपुर की रात सबसे गर्म रही। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। सोमवार को इससे जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आंधी (40-50 किमी प्रतिघंटा) व कहीं-कहीं हल्की-मध्यम बारिश दर्ज की गई। 31 मार्च को भी शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। 1-2 अप्रेल को छुटपुट स्थानों पर मेघगर्जन व बूंदाबांदी तथा ज्यादातर स्थानों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। 3-5 अप्रेल को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पुन: राज्य के कई भागों में आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

जयपुर में छाए रहे काले घने बादल, 3 डिग्री गिरा पारा

जयपुर में सुबह से आसमान में काले घने बादल छाए रहे और हल्की से मध्यम गति की हवाएं चली। इससे जयपुर के दिन के तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। हालंांकि जयपुर में कहीं पर भी बारिश नहीं हुई। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.7 और न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के तापमान में 2.8 डिग्री की गिरावट और रात के तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story