अमृत भारत स्टेशन योजना: दौसा व खैरथल रेलवे स्टेशन बनकर तैयार

WhatsApp Channel Join Now
अमृत भारत स्टेशन योजना: दौसा व खैरथल रेलवे स्टेशन बनकर तैयार


जयपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर मंडल के दौसा व खैरथल के साथ राजस्थान के आठ स्टेशन समेत देश के 75 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में दौसा व खैरथल स्टेशन पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी, यात्री,जनसमूह एवं रेलवे अधिकारी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पुरस्कार वितरण एवं फिल्म प्रदर्शन का भी आयोजन होगा,त त्पश्चात प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से स्टेशन का लोकार्पण किया जाएगा।

वर्चुअल लोकार्पण समारोह के अवसर पर निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के 97 विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में दौसा व खैरथल क्षेत्र के 11 शासकीय एवं निजी विद्यालयों के लगभग 800 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यार्थियों में विकसित भारत की अवधारणा,रेलवे विकास कार्यों के प्रति जागरूकता तथा जनभागीदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से मेरे शहर का विकसित स्टेशन भारत में कैसा होगा तथा विकसित भारत बनाने के लिए में क्या करूंगा/करूंगी विषय निर्धारित किए गए थे। विद्यार्थियों ने इन विषयों पर अपने विचार निबंध एवं चित्रों के माध्यम से रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 97 विद्यार्थियों का चयन पुरस्कार के लिए किया गया है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय रेल देश में आधुनिक, सुरक्षित और सुगम रेल सेवाओं का विस्तार करने के साथ-साथ यात्री सुविधाओं के निरंतर उन्नयन के लिए सतत् कार्य कर रही है। भारतीय रेल राजस्थान में रेल बुनियादी ढांचे को बेहतर और उन्नत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस वर्ष के बजट में राजस्थान को 10,228 करोड़ रूपये का रिकॉर्ड आवंटन प्रदान किया गया है। साथ ही राजस्थान के 85 स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य ‘अमृत भारत स्टेशन’ योजना के तहत लगभग 4,535 करोड़ रूपए की लागत के साथ स्वीकृत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story