दौसा में जिला स्तरीय जनसुनवाई, कलेक्टर के सख्त निर्देश बार-बार आ रही शिकायतों की मौके पर जांच करें अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
दौसा में जिला स्तरीय जनसुनवाई, कलेक्टर के सख्त निर्देश बार-बार आ रही शिकायतों की मौके पर जांच करें अधिकारी


दौसा, 21 मई (हि.स.)। जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने लोगों की शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान रास्तों से अतिक्रमण हटाने, भूमि संबंधी विवादों के निस्तारण, सीमा ज्ञान करवाने, बिजली कनेक्शन दिलवाने, पेयजल समस्याओं के समाधान, पेंशन शुरू करवाने, खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ दिलाने, सिलिकोसिस कार्ड बनवाने तथा दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करवाने सहित अन्य समस्याओं से जुड़े कई मामले सामने आए। कलेक्टर ने इन मामलों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और निर्देश दिए कि जो प्रकरण नियमानुसार तत्काल निस्तारित किए जा सकते हैं, उनका शीघ्र समाधान कर परिवादियों को राहत दी जाए। उन्होंने सभी एसडीएम को विशेष निर्देश दिए कि जो परिवादी बार-बार जनसुनवाई में पहुंच रहे हैं, ऐसे मामलों में स्वयं मौके की स्थिति का अवलोकन कर तथ्यात्मक जानकारी प्राप्त करें और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने के मामलों पर कलेक्टर ने जिला रसद अधिकारी एवं संबंधित उपखंड अधिकारियों से चर्चा की। डीएसओ ने बताया कि खाद्य सुरक्षा पोर्टल पूर्व में बंद था, जिसे अब पुनः चालू कर दिया गया है और पात्र आवेदक अब आवेदन कर सकते हैं। कलेक्टर ने अतिक्रमण हटाने से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां पुलिस जाप्ते की आवश्यकता हो, ऐसे स्थानों को चिन्हित कर जिला स्तर पर भिजवाया जाए, ताकि एसपी के माध्यम से आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराया जा सके।

जनसुनवाई में एडीएम दौसा अरविंद शर्मा, एडीएम लालसोट मनमोहन मीणा, यूआईटी सचिव मूलचंद लूनिया सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। जबकि एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ एवं अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चरणजीत

Share this story