उदयपुर में भाजपा के दलीचंद डांगी बने उप जिला प्रमुख

WhatsApp Channel Join Now
उदयपुर में भाजपा के दलीचंद डांगी बने उप जिला प्रमुख


उदयपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। उदयपुर जिला परिषद में जिला प्रमुख के बाद अब उप जिला प्रमुख की कुर्सी भी भाजपा के खाते में चली गई है। दलीचंद डांगी ने 26 वोट लेकर जीत दर्ज की, लेकिन कांग्रेस की क्रॉस वोटिंग आज भी चर्चा का केंद्र रही।

उदयपुर में उप जिला प्रमुख के लिए गुरुवार को मतदान हुआ और भाजपा के दलीचंद डांगी जीत गए। उन्होंने कांग्रेस के उदयलाल डामोर को हराया। कुल 47 जिला परिषद सदस्यों में से डांगी को 26 वोट मिले, जबकि भाजपा के पास 24 वोट ही हैं। उल्लेखनीय है कि बुधवार को जिला प्रमुख के चुनाव में 3 वोट भाजपा के खाते में एक्स्ट्रा आए थे और उप जिला प्रमुख चुनाव में दो वोट एक्स्ट्रा आए हैं। कांग्रेस के डामोर को 21 वोट ही मिल सके। कांग्रेस के 22 वोट हैं और एक वोट बीएपी का है। ऐसे में इस चुनाव में भी कांग्रेस में दो वोटों की क्रॉस वोटिंग की चर्चा रही।

इस बार भी उदयपुर जिला परिषद में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों पर भाजपा का कब्जा हो गया। नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख दलीचंद डांगी को कलक्टर गौरव अग्रवाल ने शपथ दिलाई।

दोपहर 3 बजे मतदान शुरू हुआ, जिसमें पहले कांग्रेस और फिर भाजपा के सदस्य वोट डालने पहुंचे। सुबह नामांकन के वक्त कांग्रेस प्रत्याशी के साथ उदयपुर देहात कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा, जिला प्रमुख उम्मीदवार लालसिंह झाला और सदस्य राजसिंह झाला मौजूद रहे। वहीं भाजपा प्रत्याशी दलीचंद डांगी के साथ जिला प्रमुख हिम्मत सिंह झाला, मेयर पारस सिंघवी और वल्लभनगर के पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर सहित अन्य नेता दिखे।

भाजपा उम्मीदवारों की सूची में डीसी मेघवाल, ओंकार वालिया, घनश्याम मेनारिया, प्रतिभा नागदा, संजना मीणा और मुरारीलाल बुंबरिया के नाम भी चर्चा में थे। बताया जा रहा है कि उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा अपनी बेटी संजना मीणा को प्रत्याशी बनाने पर अड़े थे, लेकिन संगठन पदाधिकारियों ने उनकी बात नहीं मानी।

जीत के बाद दलीचंद डांगी ने पहले से बेहतर विकास का भरोसा जताया, वहीं जिला प्रमुख हिम्मत सिंह झाला ने जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story