राजस्थान में चक्रवात का असर खत्म, रात में बढ़ी सर्दी

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में चक्रवात का असर खत्म, रात में बढ़ी सर्दी


राजस्थान में चक्रवात का असर खत्म, रात में बढ़ी सर्दी


जयपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तंत्र का असर शनिवार से समाप्त हो गया। मौसम साफ होने के साथ ही प्रदेश में अगले तीन से चार दिन तक आसमान साफ रहने की संभावना है। हालांकि, रात के तापमान में गिरावट के चलते सर्दी का असर बढ़ने लगा है। सुबह के समय कई जिलों में हल्का कोहरा भी देखने को मिला।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को जयपुर, कोटा सहित कई शहरों के अधिकतम तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई। इसके बावजूद प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। दूसरी ओर, रात के तापमान में गिरावट से सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बढ़ गया है।

प्रदेश में शनिवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर जिले के फतेहपुर में 13 डिग्री सेल्सियस मापा गया। सीकर में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री और माउंट आबू में 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

बाड़मेर, जोधपुर, फलोदी, जालौर और डूंगरपुर को छोड़कर प्रदेश के अन्य शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा गया।

पश्चिमी राजस्थान में दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है। शनिवार को बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस मापा गया। हालांकि, पिछले चार से पांच दिनों में यहां तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आई है। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम में आए इस बदलाव के बीच दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ रहा है। दिन में हल्की गर्मी, जबकि सुबह और रात में ठंड महसूस हो रही है। अगले तीन से चार दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना के चलते प्रदेश में फिलहाल बारिश की गतिविधियों से राहत मिलने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770313 Articles

Share this story