राजस्थान में बदलेगा मौसम, चक्रवात ‘अकवान’ का कोटा संभाग पर दिख सकता है हल्का असर

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में बदलेगा मौसम, चक्रवात ‘अकवान’ का कोटा संभाग पर दिख सकता है हल्का असर


राजस्थान में बदलेगा मौसम, चक्रवात ‘अकवान’ का कोटा संभाग पर दिख सकता है हल्का असर


जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात ‘अकवान’ का सीधा असर राजस्थान पर नहीं पड़ेगा, लेकिन इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार कोटा संभाग में हल्के बादल छाने की संभावना है, जबकि उत्तरी हवाओं के प्रभाव से बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे रात के समय सर्दी का असर बढ़ने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहा और कई इलाकों में दिनभर तेज धूप निकली। हालांकि रात के तापमान में गिरावट के कारण सर्दी का अहसास बढ़ गया है। बीकानेर, अजमेर, अलवर, जयपुर, कोटा, फलोदी और सीकर समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया।

सीकर का फतेहपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

फतेहपुर के अलावा माउंट आबू में रात का तापमान 10.7 डिग्री, अलवर में 10.2, चूरू में 10.9, नागौर में 11, करौली में 11.7 और सिरोही में 11.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इन क्षेत्रों में रात के समय ठंड का असर महसूस किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम सामान्यतः साफ रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तरी हवाओं के चलते शेखावाटी और बीकानेर संभाग के इलाकों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। वहीं बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अकवान’ का प्रभाव राजस्थान में सीमित रहेगा।

इसका मुख्य प्रभाव आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में रहने की संभावना है, जहां 19 और 20 नवंबर को भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है। चक्रवात के 20 नवंबर को नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच तट से टकराने की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में चक्रवात का सीधा प्रभाव नहीं होने के बावजूद अगले सप्ताह कोटा संभाग में मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल प्रदेश में सर्दी बढ़ने का प्रमुख कारण उत्तरी हवाओं को माना जा रहा है। आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह और देर रात ठंड का असर तेज हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779549 Articles

Share this story