एमजीएसयू में फिट इंडिया मूवमेंट के तहत साइकिल रैली का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
एमजीएसयू में फिट इंडिया मूवमेंट के तहत साइकिल रैली का आयोजन


बीकानेर, 16 नवंबर (हि.स.)। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित फिट इंडिया मूवमेंट के उद्देश्यों के अनुरूप महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू), बीकानेर द्वारा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली को विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर नरसीराम बिश्नोई ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के साइकिलिस्टों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. बिश्नोई ने स्वयं भी साइकिल चलाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कुलगुरु के अनुसार फिट इंडिया मूवमेंट का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं सक्रिय रहने के लिए प्रेरित करना तथा फिटनेस को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना है। साइकिलिंग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है। विश्वविद्यालयों की भी जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन को खेलकूद और नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करें। इस प्रकार के आयोजन स्वस्थ जीवनशैली, खेल भावना और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में साइकिलिंग खेल के प्रशिक्षक किशन कुमार पुरोहित, विश्वविद्यालय खेल बोर्ड के सचिव डॉ. यशवंत गहलोत, धर्मवीर शीलू सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। रैली के माध्यम से स्वस्थ शरीर, स्वस्थ समाज एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777956 Articles

Share this story