साइबर ठगी व डिजिटल अपराधों पर नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता: डीजीपी
डीजीपी राजीव शर्मा ने की कानून-व्यवस्था और बढ़ते साइबर अपराधों की समीक्षा
जोधपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा ने कहा कि साइबर ठगी और डिजिटल अपराधों पर नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्य सरकार द्वारा पहले ही प्रत्येक जिले में साइबर थाना स्थापित किया जा चुका है। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए हैं। यह बात उन्होंने आज यहां जोधपुर दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए कही।
डीजीपी राजीव शर्मा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर विभाग की भावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कानून-व्यवस्था और बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर अहम बैठक भी कीं। बैठक में उन्होंने विभाग की नई रणनीति साझा करते हुए साफ किया कि अब साइबर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई होगी और आम जनता को तुरंत राहत देने पर फोकस रहेगा। डीजीपी शर्मा ने कहा कि विभाग की योजना अब जिला मुख्यालयों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हर सामान्य थाने में भी प्रशिक्षित पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे, जो साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत कार्रवाई कर सकेंगे। इसका उद्देश्य आम जनता को त्वरित न्याय दिलाना और डिजिटल ठगी के शिकार लोगों को समय पर मदद उपलब्ध कराना है।
डीजीपी शर्मा ने पुलिसिंग में सुधारों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि स्वागत कक्षों के आधुनिकीकरण और रात्रि गश्त को मजबूत करने से सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता और शीघ्रता से सुना जाए। डीजीपी शर्मा ने आम जनता से भी अपील की कि पुलिस को समय पर सूचना और सहयोग देने से कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

