सतर्कता को कार्य-संस्कृति बनाएं, अनियमितताओं पर लगाएं अंकुश : मुख्य सतर्कता अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
सतर्कता को कार्य-संस्कृति बनाएं, अनियमितताओं पर लगाएं अंकुश : मुख्य सतर्कता अधिकारी


बीकानेर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी शिवेन्द्र मोहन ने गुरुवार काे बीकानेर मंडल के निरीक्षण दौरे के दौरान मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, बीकानेर के सभागार में रेल अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में रेलवे की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, ईमानदारी एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने, अनियमितताओं की रोकथाम तथा सतर्कता संबंधी गतिविधियों को प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी सतर्कता जागरूकता सप्ताह एवं तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान की तैयारियों और प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्य सतर्कता अधिकारी शिवेन्द्र मोहन ने अधिकारियों को केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने तथा रेलवे की कार्यप्रणाली में सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सतर्कता को केवल औपचारिक गतिविधि तक सीमित न रखते हुए इसे कार्य-संस्कृति का अभिन्न अंग बनाया जाना चाहिए। प्रत्येक निर्णय नियमानुसार, प्रत्येक प्रक्रिया पारदर्शी तथा प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। निवारक सतर्कता के माध्यम से अनियमितताओं की संभावनाओं को प्रारंभिक स्तर पर ही समाप्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

उन्होंने लंबित शिकायतों एवं मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने, निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा कार्यप्रणाली में डिजिटल माध्यमों के अधिकाधिक उपयोग से पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों में सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाएं तथा ईमानदारी, निष्पक्षता एवं जवाबदेही के उच्च मानकों को सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने भी मंडल के अधिकारियों को संबोधित करते हुए सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रेलवे की कार्यप्रणाली में ईमानदारी एवं पारदर्शिता बनाए रखना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यों का निष्पादन निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप करते हुए अनियमितताओं की रोकथाम सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने सतर्कता को दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाकर संगठन में विश्वास, कार्यकुशलता एवं जवाबदेही को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया।

बैठक में बताया गया कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम के अंतर्गत किया जाएगा। इस दौरान सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शपथ ग्रहण समारोह, जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बैठक में इन कार्यक्रमों की तैयारियों तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761595 Articles

Share this story