क्रूड ऑयल पाइपलाइन लीक से खेत में फैला तेल, 500 मीटर तक प्रभावित इलाका

WhatsApp Channel Join Now
क्रूड ऑयल पाइपलाइन लीक से खेत में फैला तेल, 500 मीटर तक प्रभावित इलाका


क्रूड ऑयल पाइपलाइन लीक से खेत में फैला तेल, 500 मीटर तक प्रभावित इलाका


बाड़मेर, 05 जुलाई (हि.स.)। जिले में रविवार को केयर्न वेदांता की क्रूड ऑयल पाइपलाइन में लीकेज होने से किसान के खेत में तेल फैल गया। देखते ही देखते करीब 500 मीटर के दायरे में क्रूड ऑयल फैलने से खेत प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही कंपनी के इंजीनियर और अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा एहतियात के तौर पर संबंधित पाइपलाइन की सप्लाई बंद कर दी गई। हालांकि सप्लाई बंद होने के बाद भी पाइपलाइन से रिसाव जारी रहा।

घटना बाड़मेर जिले की कपूरड़ी ग्राम पंचायत के बोथिया गांव में भाग्यम वेलपैड-12 के पास हुई। भाग्यम वेलपैड-12 से मदर वेलपैड तक बिछी पाइपलाइन में अचानक लीकेज हो गया। कुछ ही देर में पास स्थित किसान दौलतराम के खेत में क्रूड ऑयल बहने लगा। किसान ने तुरंत इसकी सूचना केयर्न वेदांता के अधिकारियों को दी।

सूचना मिलते ही कंपनी ने संबंधित पाइपलाइन की सप्लाई बंद कर दी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। रिसाव को नियंत्रित करने के लिए कंपनी ने पाइपलाइन के पास जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाया, ताकि खेत में फैल रहे क्रूड ऑयल को एक स्थान पर एकत्र किया जा सके।

गड्ढे में जमा हो रहे तेल को टैंकरों में भरकर हटाया जा रहा है।

फिलहाल तकनीकी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि पाइपलाइन में लीकेज किस स्थान से हुआ और उसकी वजह क्या रही। प्रभावित किसान दौलतराम ने बताया कि पाइपलाइन से निकला क्रूड ऑयल उसके खेत में फैल गया, जिससे जमीन को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि परिवार के पास करीब 100 बीघा कृषि भूमि है, लेकिन जिस खेत में तेल फैला है, उसकी मिट्टी खराब हो गई है। किसान ने नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई है।

यह पहली बार नहीं है जब बाड़मेर में क्रूड ऑयल पाइपलाइन से रिसाव हुआ हो।

इससे पहले 23 फरवरी को जिले के कवास स्थित ऐश्वर्या ऑयल फील्ड के वेलपैड-8 के पास भी पाइपलाइन लीक होने से करीब चार बीघा जमीन में क्रूड ऑयल फैल गया था। उस समय रिसाव को पूरी तरह रोकने में करीब पांच दिन लग गए थे।

कंपनी के अधिकारी और इंजीनियर मौके पर मौजूद हैं तथा पाइपलाइन की तकनीकी जांच की जा रही है। साथ ही रिसाव को पूरी तरह रोकने और प्रभावित क्षेत्र की सफाई का कार्य जारी है। प्रशासन और कंपनी की टीमें नुकसान का आकलन भी कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story