प्रदेश कांग्रेस कमेटी की 25 को अहम बैठक, किसान मुद्दों पर बनेगी रणनीति

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की 25 को अहम बैठक, किसान मुद्दों पर बनेगी रणनीति


जयपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा 25 फरवरी को दोपहर तीन बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक लेंगे। बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ किसानों से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा अमेरिका से की जा रही ट्रेड डील को किसानों के हितों के प्रतिकूल बताते हुए कांग्रेस पार्टी इसके विरोध में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। इन प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए यह बैठक बुलाई गई है।

बैठक में सभी जिलाध्यक्षों, समन्वय समिति के सदस्यों, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ से निर्वाचित सांसदों, सांसद प्रत्याशियों, विधानसभा सदस्यों, विधानसभा प्रत्याशियों तथा अग्रिम संगठनों के प्रदेशाध्यक्षों को आमंत्रित किया गया है। साथ ही एआईसीसी के राजस्थान प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा भी बैठक में उपस्थित रहेंगे।

बताया गया है कि इस बैठक में किसान हितों की रक्षा के लिए प्रदेशभर में प्रस्तावित कार्यक्रमों की रणनीति तय की जाएगी और संगठनात्मक स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। कांग्रेस नेतृत्व इसे किसानों के मुद्दे पर व्यापक जनजागरण अभियान की शुरुआत के रूप में देख रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story