रावजी की गेर ने मचाई धूम, जनसमूह उमड़ा

WhatsApp Channel Join Now
रावजी की गेर ने मचाई धूम, जनसमूह उमड़ा


जोधपुर, 04 मार्च (हि.स.)। मारवाड़ की परंपरानुसार प्रतिवर्ष होली के दिन निकलने वाली रावजी की गेर मंगलवार को मंडोर में धूमधाम से निकाली गई। इस गेर को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गेर के दौरान कई क्षेत्रों से लोग गेर लेकर आए। होली की ठिठोली और चंग की थाप पर गेरियों ने जमकर श्लील गायन से आसपास के क्षेत्र को गुंजानमान कर दिया। राव राजा के नाम पर नवविवाहित युवक पर सर्व सहमति के बाद उसे विधिवत आशीर्वाद प्रदान कर रवाना किया गया।

होली के अवसर पर दोपहर रावजी की गेर धूमधाम से निकाली गई। मंडावता बेरा मंदिर चौक से पूजा अर्चना कर रावजी की गेर रवाना होकर खोखरिया बेरा पहुंची। यहां पर समाज के वरिष्ठ लोगों की ओर से स्नेह मिलन कार्यक्रम हुआ। गेर भिंयाली बेरा, गोपी का बेरा, बड़ा बेरा, आमली बेरा होते हुए फतेहबाग बेरा मंदिर पहुंची। यहां खोखरिया बेरा की गेर से बुजुर्गों की ओर से नवविवाहित युवा का चयन कर उसे राव-राजा बनाया गया। देव भोग घुघरी का प्रसाद चढ़ाने के बाद रावजी की गेर अपने निर्धारित गंतव्य मंडोर उद्यान में स्थित नाग कुंड रवाना हो गई। चयनित राव राजा को रंग-बिरंगे परिधानों और लता-पताओं से सुसज्जित कर उसके इर्द-गिर्द चंग की थाप पर गेर की टोलियां नृत्य व गीत गाते हुए साथ चली। इस दौरान फूलबाग बेरा, नागौरी बेरा, मंडोर बेरा, पदाला बेरा की गेरें भी रावजी की गेर में शामिल हुईं। हजारों की तादाद में गेरिये होली की धुनों पर थिरकते हुए खोखरिया बेरा पहुंचे। यहां बने कुंड में गेरियों ने जमकर होली खेली और चंग की थाप पर थिरके। पुलिस का माकूल बंदोबस्त भी यहां देखा गया। इस तालाब पर पहुंच सबसे पहले राव ने पानी में छलांग लगाई। इसके साथ ही अन्य युवक भी पानी में कूद पड़े। सभी के स्नान करने के बाद यह गेर विसर्जित हो गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story