रमेश ईनाणी हत्याकांड ने फरार 50 हजार का इनामी रमताराम गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रमेश ईनाणी हत्याकांड ने फरार 50 हजार का इनामी रमताराम गिरफ्तार


चित्तौड़गढ़, 10 मई (हि.स.)। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में कुरियर व्यवसायी व भाजपा नेता रमेश ईनाणी हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता मुख्य आरोपित 50 हजार के इनामी रमताराम को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के करीब छह माह बाद आरोपित को पकड़ा गया है। पूछताछ के लिए उसे कोतवाली थाने लाया गया है। आईजी उदयपुर ने इसकी गिरफ्तारी पर इनाम 50 हजार का इनाम घोषित किया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि गत 11 नवम्बर को दिन दहाड़े कुरियर व्यवसायी रमेश ईनाणी की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने कुछ घंटों में ही शूटर उत्तरप्रदेश निवासी मनीष दुबे को गिरफ्तार कर लिया था। जांच में चित्तौड़गढ़ निवासी रमताराम की संलिप्तता सामने आई थी। आरोपित ने शूटर मनीष दुबे को फिरौती देकर हत्या करवाई थी। तभी से रमताराम फरार चल रहा था। रमताराम की गिरफ्तारी पर एसपी ने पहले 25 हजार का इनाम घोषित किया था, जिसे आईजी उदयपुर गौरव श्रीवास्तव ने बढ़ा कर 50 हजार रुपये कर दिया था। पुलिस तकनीकी और मुखबिर तंत्र से लगातार उसकी तलाश कर रही थी। रविवार को पुलिस को रमताराम के चित्तौड़गढ़ शहर के आस-पास आने की सूचना मिली। इस पर सीआई तुलसीराम के नेतृत्व में टीम गठित कर सूचना का संकलन किया गया। टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

हत्या से पहले रमताराम चित्तौड़गढ़ रामद्वारे का संत था। हत्याकांड में संलिप्तता आते ही आरोपित फरार हो गया था। वहीं हत्या के बाद परिजन विवाद के चलते रमताराम पर ही आरोपित लगा रहे थे। पुलिस थाने में भी इसके खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी गई थी। इस मामले में और भी आरोपिताें की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस पहले मनीष दुबे के अलावा सिरोही के भजनराम को भी गिरफ्तार कर चुकी है। भजनराम पर ही मनीष दुबे की मुलाकात रमताराम से करवाने का आरोप है। फिलहाल पुलिस आरोपित से गहन पूछताछ में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story