सूर्योदय की लालिमा में निखरी युवा प्रतिभाओं की रचनात्मकता

WhatsApp Channel Join Now
सूर्योदय की लालिमा में निखरी युवा प्रतिभाओं की रचनात्मकता


जोधपुर, 11 मई (हि.स.)। सूर्योदय से पहले आसमान में बिखरी लालिमा, पक्षियों की मधुर चहचहाहट, कैमरों की खचाक-खचाक और स्क्रीन पर उभरते मनमोहक छायाचित्र.. ऐसा ही मनोहारी दृश्य सोमवार सुबह वीर दुर्गादास पहाड़ी मसूरिया पर पुष्करणा सृजन सोसायटी एवं पुष्करणा चिंतन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय फोटोग्राफी वर्कशॉप के दौरान देखने को मिला, जहां युवा प्रतिभागियों ने प्रकृति की अद्भुत छटा के बीच अपनी रचनात्मकता को कैमरे में कैद किया।

वर्कशॉप के मुख्य प्रशिक्षक मनोज बोहरा एवं सह प्रशिक्षक अमित व्यास ने प्रतिभागियों को सूर्योदय से पहले आसमान में छाई लालिमा और उगते सूर्य के साथ टॉय प्रोप्स का उपयोग कर आकर्षक छायाचित्र लेने की तकनीक का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों ने अलग-अलग प्रकार के छोटे खिलौनों को अगेंस्ट लाइट में रखते हुए सूर्य की सुनहरी किरणों के साथ बेहद सुंदर और कलात्मक फोटोशूट किए। प्रकाश, छाया और एंगल के संतुलन ने तस्वीरों को विशेष आकर्षण प्रदान किया। इसके बाद दुर्गादास राठौड़ स्मृति भवन में आयोजित विशेष प्रॉडक्ट फोटोग्राफी सत्र में प्रतिभागियों को विभिन्न वस्तुओं की पेशेवर शैली में फोटोग्राफी का अभ्यास करवाया गया। सही प्रकाश व्यवस्था, बैकग्राउंड और कंपोजिशन के माध्यम से प्रतिभागियों ने शानदार प्रॉडक्ट छायाचित्र लिए। पहली बार इस तरह की रचनात्मक फोटोग्राफी कर युवा प्रतिभागी बेहद उत्साहित और रोमांचित नजर आए।

वीर दुर्गादास राठौड़ स्मृति समिति के सचिव भागीरथ वैष्णव ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नई सोच, रचनात्मकता और सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। वर्कशॉप संयोजक रामजी व्यास ने बताया कि 12 मई को जोधपुर स्थापना दिवस के अवसर पर घंटाघर, तूरजी का झालरा, सिटी पुलिस होते हुए ब्ल्यू सिटी तक विशेष फोटोवॉक आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागियों को स्ट्रीट फोटोग्राफी के गुर सिखाए जाएंगे। इस दौरान रंगों, कोणों और कंपोजिशन के माध्यम से शहर की जीवंतता को कैमरे में उकेरने का अभ्यास कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय वर्कशॉप के दौरान प्रतिभागियों द्वारा लिए गए श्रेष्ठ छायाचित्रों की प्रदर्शनी 13 मई को भूतनाथ में आयोजित की जाएगी, जिसमें युवाओं की रचनात्मक दृष्टि और फोटोग्राफी कौशल का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story