बिना टिकट यात्रा पर सख्ती : बीकानेर रेल मंडल ने 27 दिनाें में 13,051 मामलों में वसूले 88.20 लाख

WhatsApp Channel Join Now
बिना टिकट यात्रा पर सख्ती : बीकानेर रेल मंडल ने 27 दिनाें में 13,051 मामलों में वसूले 88.20 लाख


बीकानेर, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के मार्गदर्शन एवं कुशल नेतृत्व में बीकानेर मंडल पर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध 1 जुलाई से विशेष टिकट जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाना, रेल राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

इस विशेष अभियान के अंतर्गत 1 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक कुल 13,051 मामले दर्ज किए गए, जिनसे ₹88.20 लाख का जुर्माना एवं किराया वसूल किया गया। इन मामलों में धूम्रपान के 32 मामले भी शामिल हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र जाेशी के अनुसार अभियान के दौरान बीकानेर मंडल के वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं टिकट जांच स्टाफ द्वारा लालगढ़, सूरतगढ़, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, हिसार, भिवानी सहित विभिन्न स्टेशनों एवं रेलखंडों पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इसके अतिरिक्त अम्बुश जांच, फोर्ट्रेस जांच/ किलाबंदी जांच तथा इंटर डिवीजन (क्रॉस कंट्री) जांच के माध्यम से बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सघन कार्यवाही की गई तथा उनसे नियमानुसार किराया सहित जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में धूम्रपान करने वालों के विरुद्ध भी जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) अधिनियम, 2026 के तहत कार्रवाई की गई। रेलवे परिसर अथवा ट्रेनों में धूम्रपान करते पाए जाने पर 2,000 रूपये तक का जुर्माना लगाया जा रहा है। बीकानेर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में धूम्रपान न करें तथा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story