गाय को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग, भरतपुर में निकली विशाल रैली

WhatsApp Channel Join Now
गाय को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग, भरतपुर में निकली विशाल रैली


गाय को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग, भरतपुर में निकली विशाल रैली


भरतपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। गाय को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग को लेकर रविवार को भरतपुर में विभिन्न गौरक्षा संगठनों की ओर से विशाल रैली निकाली गई। रैली शहर के प्रमुख बाजारों से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर केंद्र और राज्य सरकार से गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने तथा गौ-संरक्षण के लिए प्रभावी कानून बनाने की मांग की।

गौरक्षा संगठनों के प्रतिनिधि राहुल सैनी ने बताया कि गाय को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग को लेकर देशभर में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भरतपुर में आयोजित रैली में बड़ी संख्या में गौ-सेवकों और नागरिकों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान भरतपुर शहर में करीब 3 लाख 37 हजार लोगों के हस्ताक्षर एकत्र किए गए हैं। इन हस्ताक्षरों सहित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया, ताकि इसे सरकार तक पहुंचाया जा सके।

गौरक्षा संगठनों ने कहा कि देश में गौ-संरक्षण और संवर्धन के लिए सशक्त कानूनी प्रावधान किए जाने चाहिए। उन्होंने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए गाय को राष्ट्रीय माता घोषित करने संबंधी आवश्यक निर्णय लेने की मांग की। रैली के दौरान गौ-संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े संदेश दिए गए। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अंत में प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / भरतपुर

Share this story