बीकानेर में कचरा संग्रहण व्यवस्था पर पार्षदों का हंगामा, भाजपा पार्षद ने फाड़े कपड़े

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर में कचरा संग्रहण व्यवस्था पर पार्षदों का हंगामा, भाजपा पार्षद ने फाड़े कपड़े


बीकानेर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में कचरा संग्रहण व्यवस्था को लेकर मंगलवार को नगर निगम में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों ने विरोध जताया। वार्डों में ऑटो टिपर नहीं पहुंचने से नाराज पार्षद पहले एकजुट होकर निगम आयुक्त के समक्ष पहुंचे। बाद में भाजपा के कुछ पार्षद विधायक जेठानंद व्यास के साथ अलग से आयुक्त से मिले। इस बीच निगम सभागार में कांग्रेस के दो पार्षदों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की भी हुई।

सुबह भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षद जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने एकत्र हुए और वहां से नगर निगम पहुंचे। पार्षदों ने आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी के समक्ष हर वार्ड में सफाई व्यवस्था सुचारू करने और ऑटो टिपर नियमित रूप से भेजने की मांग रखी। बातचीत के दौरान माहौल गर्म हो गया। बाद में आयुक्त, उपायुक्त और ठेका कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ पार्षदों की बैठक हुई।

बैठक के दौरान भाजपा पार्षद श्याम सिंह हाडला ने अपना विरोध जताते हुए कपड़े फाड़ दिए और जमीन पर सिर पटक लिया। उन्होंने अधिकारियों पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने बीच-बचाव किया।

हाडला ने कहा कि पुराने टेंडर को समाप्त करने के बाद नया टेंडर भी ठीक ढंग से नहीं किया गया। अधिकारियों की लापरवाही के कारण मोहल्लों में कचरा संग्रहण के लिए वाहन नहीं पहुंच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी टेंडर प्रक्रिया में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था नहीं सुधरने से लोगों की नाराजगी पार्षदों को झेलनी पड़ रही है।

दरअसल, दो अक्टूबर से शहर में कचरा संग्रहण का काम एक निजी फर्म को दिया गया है। फर्म को 200 ऑटो टिपर उपलब्ध कराने थे, लेकिन अब तक करीब 70 वाहन ही उपलब्ध कराए जाने की बात सामने आई है। महापौर अनिल कल्ला ने इस पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया है कि फर्म टेंडर की करीब 20 प्रतिशत शर्तें ही पूरी कर रही है और 80 प्रतिशत शर्तें अधूरी हैं। उन्होंने नए सिरे से टेंडर कराने की मांग की है। इसके विपरीत भाजपा पार्षद एवं उपमहापौर पंकज गहलोत का कहना है कि सफाई व्यवस्था का काम शुरू किया जाना चाहिए।

इस बीच निगम सभागार में बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षद मनोज विश्नोई और सुभाष स्वामी के बीच कहासुनी हो गई। बात धक्का-मुक्की तक पहुंचने पर मौके पर मौजूद भाजपा और कांग्रेस पार्षदों ने दोनों को अलग किया।

दोपहर बाद विधायक जेठानंद व्यास और महापौर पद के प्रत्याशी रहे सुरेंद्र सिंह शेखावत के साथ भाजपा के कुछ पार्षद आयुक्त से मिले और कचरा संग्रहण व्यवस्था का समाधान करने की मांग की। सुबह सभी दलों के पार्षदों के एक मंच पर आने के बाद भाजपा के एक धड़े के अलग से आयुक्त से मिलने को लेकर निगम में चर्चा रही

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story