गहलोत के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, अब आरोपों की राजनीति : मुख्यमंत्री
पाली, 08 सितंबर (हि.स.)। निकाय चुनाव के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को पाली में रोड शो के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आरोपों पर पलटवार करते हुए शर्मा ने कहा कि जब गहलोत सत्ता में थे, तब उनकी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी रही, लेकिन उन्होंने आंखें मूंदे रखीं। अब सत्ता से बाहर होने के बाद वे बेवजह आरोपों की राजनीति कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने विधानसभा में ‘हमारे दो साल बनाम उनके पांच साल’ के काम का प्रतिवेदन रखा था। उनका दावा है कि कांग्रेस नेता इस पर बहस करने के बजाय सदन से बाहर चले गए, क्योंकि भाजपा सरकार के दो साल के काम उनके पांच साल के कार्यकाल से कई गुना अधिक हैं। उन्होंने कांग्रेस को आरोप-प्रत्यारोप के बजाय विकास कार्यों पर जनता को जवाब देने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक आचार संहिता का हवाला देकर प्रदेश के विकास कार्यों को प्रभावित करती रही। उन्होंने ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता इसे राजस्थान में असंभव बताते थे, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे संभव कर दिखाया। शर्मा ने कहा कि पहले निकाय चुनाव दो से ढाई साल और पंचायत चुनाव दो साल के अंतराल पर होते थे। इससे बार-बार चुनावी प्रक्रिया और सरकारी संसाधनों पर खर्च होता था। भाजपा सरकार ने एक साथ चुनाव की दिशा में कदम बढ़ाकर कांग्रेस के दावों को गलत साबित किया है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर बिजली, रोडवेज, डेयरी और सहकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पारदर्शिता और सुशासन के साथ काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान अब दूसरे राज्यों को बिजली देने की स्थिति में पहुंच गया है।
रोडवेज के संबंध में उन्होंने बताया कि 1000 बसें खरीदी जा चुकी हैं और 1000 नई बसें और लाई जा रही हैं। डेयरी क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दूध का उत्पादन 34 लाख लीटर से बढ़कर 47 लाख लीटर प्रतिदिन हो गया है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए रोजगार के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 4 लाख सरकारी नौकरियां और 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार देने का संकल्प लिया है। उनके अनुसार, पिछली सरकार के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आती थीं, जबकि भाजपा सरकार ने ढाई साल में बिना पेपर लीक के 1 लाख 89 हजार सरकारी नौकरियां देने का काम किया है।
उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में 1 लाख 22 हजार परीक्षाएं आयोजित की जा चुकी हैं और 70 हजार पदों पर नई भर्तियां भी निकाली गई हैं।
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली।
उन्होंने निकाय चुनाव की रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद करने और भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने का आह्वान किया।
इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद पी.पी. चौधरी, केंद्रीय पर्यवेक्षक संगीता यादव, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

