सड़कों पर कचरा डालने वालों पर निगम सख्त: एक दिन में 2.99 लाख का कैरिंग चार्ज वसूला

WhatsApp Channel Join Now
सड़कों पर कचरा डालने वालों पर निगम सख्त: एक दिन में 2.99 लाख का कैरिंग चार्ज वसूला


जयपुर, 07 मार्च (हि.स.)। नगर निगम ने सड़कों पर कचरा फैलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए शनिवार को शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों में कार्रवाई की। इस दौरान जिन दुकानों के बाहर कचरा या गंदगी पाई गई, उनसे मौके पर ही कुल 2 लाख 99 हजार 300 रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला गया।

नगर निगम आयुक्त गौरव सैनी के निर्देश पर निगम के सभी 13 जोन में यह कार्रवाई की गई। निगम की टीमों ने मुख्य बाजारों और मार्गों पर स्थित दुकानों का निरीक्षण किया और दुकानदारों को गीला व सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित करने के लिए समझाइश दी। टीमों ने दुकानदारों को दुकानों के परिसर में नीला और हरा डस्टबिन रखने के लिए भी कहा ताकि कचरे का सही तरीके से निस्तारण हो सके।

निरीक्षण के दौरान जिन दुकानों के बाहर कचरा या गंदगी पाई गई। वहां संबंधित दुकानदारों से कैरिंग चार्ज वसूला गया। साथ ही उन्हें भविष्य में सार्वजनिक सड़कों पर कचरा नहीं डालने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए चेतावनी भी दी गई।

निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story