शहर काे गंदा करने वालाें ने निगम ने वसूला 86 लाख जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
शहर काे गंदा करने वालाें ने निगम ने वसूला 86 लाख जुर्माना


जयपुर, 21 मई (हि.स.)। जयपुर नगर निगम ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। नगर निगम की टीमों ने 1 मार्च 2026 से अब तक खुले में कचरा फेंकने, सीएनडी वेस्ट डालने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने और कचरा जलाने जैसे मामलों में कार्रवाई करते हुए करीब 85 लाख 49 हजार रुपये का जुर्माना और कैरिंग चार्ज वसूला है।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि शहर की स्वच्छता निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और स्वच्छता के विभिन्न मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति खुले में कचरा फेंकता है, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करता है या अन्य किसी प्रकार से शहर को गंदा करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए कैरिंग चार्ज वसूला जाएगा।

उन्होंने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत विभिन्न मापदंडों का उल्लंघन करने वालों पर निगम की टीमें लगातार निगरानी रख रही हैं। निगम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वाले लोगों से 14 लाख 53 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है। वहीं शहर में गंदगी फैलाने वाले लोगों से 60 लाख 22 हजार रुपये और सीएनडी वेस्ट फैलाने वालों से 8 लाख 64 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला गया है।

आयुक्त ओम कसेरा ने कहा कि नगर निगम की टीमें लगातार सफाई कार्य में जुटी हुई हैं, लेकिन शहर को स्वच्छ बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से स्वच्छता नियमों का पालन करने और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story