केसीसी प्रोजेक्ट में टीनशेड से गिरकर ठेका कर्मचारी की मौत

WhatsApp Channel Join Now
केसीसी प्रोजेक्ट में टीनशेड से गिरकर ठेका कर्मचारी की मौत


झुंझुनू, 17 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान में झुंझुनू जिले के खेतड़ीनगर स्थित हिन्दुस्तान कापर लिमिटेड केसीसी प्रोजेक्ट के कंसनटेटर प्लांट में शुक्रवार को एक ठेका कर्मचारी की टीनशेड से गिरकर मौत हो गई। वह टीनशेड लगाने का काम कर रहा था तभी यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान बनवास निवासी सुभाष चंद्र (43) पुत्र हरिराम मेघवाल के रूप में हुई है। वह पिछले पांच महीने से केसीसी प्रोजेक्ट में रिलेक्स मैकेनिकल एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी के लिए ठेकेदार के अधीन टीनशेड लगाने का काम कर रहा था।

शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे कंसनटेटर प्लांट में काम करते समय सुभाष चंद्र अचानक नीचे गिर गए। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तुरंत केसीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही केसीसी प्रोजेक्ट के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। सुभाष चंद्र के दो बेटे संदीप और प्रीतम है जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। वह अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाई ताराचंद भी केसीसी प्रोजेक्ट में एसएमएस ठेका कंपनी में कार्यरत हैं। जबकि छोटे भाई अमर सिंह मृतक के साथ ही काम करते थे।

ठेका मजदूर अध्यक्ष रवींद्र फौजी ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि प्रोजेक्ट में टीनशेड के कार्य के दौरान यह दूसरी घटना है। करीब एक साल पहले भी बैंडिंग बिल्डिंग में टीनशेड लगाते समय एक कर्मचारी ऊपर से गिरकर घायल हो गया था। उन्होंने ठेकेदार पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि एचसीएल ने अभी तक कोई सुध नहीं ली है। फौजी ने दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ न्यायिक लड़ाई लड़ने की बात कही।

सिंघाना पुलिस भी सूचना पर मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक जानकारी एकत्र की। एएसआई राजवीर सिंह ने बताया कि प्रोजेक्ट में टीनशेड पर कार्य के दौरान एक व्यक्ति की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल का मुआयना कर लिया गया है और परिजनों की ओर से दी जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश

Share this story