संपर्क हेल्पलाइन 181 पर त्वरित निस्तारण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
संपर्क हेल्पलाइन 181 पर त्वरित निस्तारण के निर्देश


जयपुर, 24 मार्च (हि.स.)। चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा पंचायती राज (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री ए. राठौड़ ने मंगलवार को सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव ने मेडिकल हेल्थ विभाग, मेडिकल शिक्षा विभाग तथा राजस्थान राज्य स्वास्थ्य बीमा एजेंसी (राशा) से जुड़े प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। आंकड़ों के अनुसार 23 मार्च 2025 से 23 मार्च 2026 तक मेडिकल हेल्थ विभाग में कुल 79,512 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 93.64 प्रतिशत का निस्तारण किया जा चुका है।

इसी प्रकार मेडिकल शिक्षा विभाग में 9,830 प्रकरणों में से 93.90 प्रतिशत मामलों का समाधान हुआ, जबकि राशा से संबंधित 15,457 प्रकरणों में से 93.27 प्रतिशत का निस्तारण किया गया। इन सभी मामलों में औसत निस्तारण समय 18 से 28 दिनों के बीच रहा तथा अधिकांश परिवादियों ने समाधान पर संतुष्टि व्यक्त की।

सचिवालय स्थित लाइब्रेरी बिल्डिंग में स्थापित कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान गायत्री ए. राठौड़ ने स्वयं परिवादियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और फीडबैक लिया।

कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। विभिन्न जिलों से जुड़े परिवादियों से बातचीत कर उन्होंने समस्याओं के शीघ्र समाधान पर जोर दिया।

उल्लेखनीय है कि यह पहल भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार की जा रही है, जिसके तहत विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर संपर्क हेल्पलाइन पर उपस्थित होकर आमजन से सीधे संवाद कर रहे हैं। 181 हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कराकर उसका त्वरित समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story