छह पुलिसकर्मियों को मिला कांस्टेबल ऑफ द मंथ अवॉर्ड

WhatsApp Channel Join Now
छह पुलिसकर्मियों को मिला कांस्टेबल ऑफ द मंथ अवॉर्ड


जयपुर, 12 जून (हि.स.)। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शुक्रवार को पुलिस कमिश्नरेट में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट, सराहनीय और समर्पित सेवाएं देने वाले छह पुलिसकर्मियों को मई-2026 के लिए ‘‘कांस्टेबल ऑफ द मंथ’’ अवॉर्ड से सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जयपुर पुलिस का ध्येय ‘‘आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय’’ की भावना को साकार करना है तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ता है और वे बेहतर जनसेवा के लिए प्रेरित होते हैं।

लिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि जिला पूर्व से जवाहर नगर थाने के कांस्टेबल सियाराम को सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम हुए 30 मोबाइल फोन रिकवर कर उनके मालिकों को लौटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर सम्मानित किया गया। जिला पश्चिम से भांकरोटा थाने के कांस्टेबल राकेश कुमार को बुजुर्ग दंपती से हुई वारदात के मामले में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और आसूचना संकलन के जरिए चार आरोपियों को गिरफ्तार कराने तथा उनके कब्जे से 44.50 लाख रुपए, एक देशी पिस्टल, वारदात में प्रयुक्त वाहन और फिरौती की राशि से खरीदा गया सामान बरामद कराने में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान मिला।

जिला उत्तर से माणकचौक थाने के कांस्टेबल मंजीत को ‘म्यूल हंटर’ अभियान में साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी तथा विशेष अभियान के दौरान 130 गुमशुदा मोबाइल रिकवर कर उनके मालिकों को लौटाने के लिए पुरस्कृत किया गया। जिला दक्षिण की अपराध शाखा में कार्यरत कांस्टेबल लालाराम को दक्षिण जिले के अपराध संबंधी सांख्यिकीय आंकड़ों और प्रस्तुतियों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से तैयार करने के लिए सम्मानित किया गया। यातायात दक्षिण के कांस्टेबल राहुल को यातायात संचालन सुगम बनाने, आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई के लिए अवॉर्ड दिया गया। वहीं डीआरएफ शाखा रिजर्व पुलिस लाइन के कांस्टेबल नरेन्द्र नेहरा को वीआईपी और वीवीआईपी आगमन के दौरान एस्कॉर्ट, पायलट एवं पीएसओ ड्यूटी का दायित्व मेहनत और दक्षता से निभाने पर सम्मानित किया गया।

पुलिस कमिश्नर मित्तल ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास पुलिस बल में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को बढ़ावा देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story