गाली—गोली और पुलिस से नहीं दबेगी कांग्रेस की आवाज: खाचरियावास

WhatsApp Channel Join Now
गाली—गोली और पुलिस से नहीं दबेगी कांग्रेस की आवाज: खाचरियावास


जयपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। प्रताप सिंह खाचरियावास ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के बयानाें को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गाली—गोली और पुलिस के बल पर कांग्रेस की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

खाचरियावास ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र सभी को अपनी बात रखने का अधिकार देता है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी इस अधिकार को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी “सच की आवाज” को किसी भी तरह से दबाया नहीं जा सकता और पार्टी का हर कार्यकर्ता उनके साथ मजबूती से खड़ा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी लाठी-गोली की राजनीति कर रही है, जिसका जवाब कांग्रेस देना जानती है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीकों से ही इस तरह के “अत्याचारों” का मुकाबला करेगी।

खाचरियावास ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि वे सच और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story