जहां लोग जान बचाने जाते हैं, वहां से अर्थी निकलती है- जूली

WhatsApp Channel Join Now
जहां लोग जान बचाने जाते हैं, वहां से अर्थी निकलती है- जूली


बीकानेर, 30 जून (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मंगलवार काे बीकानेर में कहा कि जहां लोग जान बचाने जाते हैं, वहां से अर्थी निकलती है। बच्चे स्कूल जाते हैं, बिल्डिंग गिर जाती है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर शिक्षकाें काे निकम्मा कहते हैं जबकि कि शिक्षा मंत्री के पोते प्राइवेट स्कूल में पढ़ रहे हैं, तो किसका निकम्मापन है।

बीकानेर की सबसे बड़ी पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की मौत और व्यवस्थाओं के विरोध में कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं काे सम्बाेधित करते हुए जूली ने कहा कि गलत ब्लड चढ़ा देते हैं। एंबुलेंस रास्ते में खड़ी हो जाती है, कभी ड्राइवर नहीं मिलता। आईसीयू में पहुंच भी जाएं तो आग लग जाती है। जहां लोग जान बचाने जाते हैं, वहां से अर्थी निकलती है। बच्चे स्कूल जाते हैं, बिल्डिंग गिर जाती है। उन्हाेंने कहा कि यमुना समझौते में केवल चार महीने का पानी मिलेगा। हरियाणा का कोटा पूरा होने के बाद राजस्थान को पानी मिलेगा। इसमें 33 हजार करोड़ रुपए लगेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी बीकानेर में भाजपा सरकार के हेल्थ फेलियर, पीबीएम अस्पताल की बदहाल व्यवस्था, प्रसूताओं की दर्दनाक मौतों और सीमावर्ती क्षेत्र में धार्मिक स्थलों को तोड़े जाने के खिलाफ विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में इलाज की जगह घोर लापरवाही हो रही है, महिलाओं की जान जा रही है, आस्था के प्रतीकों पर बुलडोज़र चलाया जा रहा, ये सिर्फ प्रशासनिक विफलताएं नहीं बल्कि संवेदनहीन सरकार की पहचान है।पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल, पूर्व मंत्री डाॅ. बी.डी.कल्ला, नोखा विधायक सुशीला डूडी, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल, पूर्व मत्री वीरेंद्र बेनीवाल, भंवर सिंह भाटी, शिमला बावरी, भंवर कूकणा सहित अनेक कांग्रेस नेता माैजूद रहे।

इससे पहले कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल, आरएसी और स्पेशल पुलिस फोर्स तैनात रही। बैरिकेडिंग के साथ वाटर कैनन और आंसू गैस छोड़ने वाली मशीनें भी लगाई गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story