सुनीता मावर के समर्थन में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन:महापौर चुनाव में बदलेंगे समीकरण

WhatsApp Channel Join Now
सुनीता मावर के समर्थन में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन:महापौर चुनाव में बदलेंगे समीकरण


सुनीता मावर के समर्थन में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन:महापौर चुनाव में बदलेंगे समीकरण


जयपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। जयपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित 57 कांग्रेस पार्षदों का रविवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) मुख्यालय में जयपुर शहर कांग्रेस की ओर से अभिनंदन किया गया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने पार्षदों से महापौर चुनाव में एकजुट रहने की अपील की। कांग्रेस की ओर से महापौर पद की अधिकृत प्रत्याशी बनाई गईं सुनीता मावर का भी पार्षदों ने शॉल और दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया। 150 सदस्यीय निगम में कांग्रेस के 57 पार्षद हैं, जबकि भाजपा के 78 पार्षद निर्वाचित हुए हैं।

इस समारोह में जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक रफीक खान व अमीन कागजी, अर्चना शर्मा, आर.आर. तिवाड़ी, गंगा देवी सहित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचित पार्षद मौजूद रहे।

कार्यक्रम के बाद जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि तमाम संसाधनों के दुरुपयोग के बावजूद जयपुर शहर में कांग्रेस के 57 पार्षद चुनाव जीतकर आए हैं। उन्होंने कहा कि ये सामान्य परिस्थितियों में जीतकर आए पार्षद नहीं हैं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद जनता का विश्वास हासिल करके आए हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि जब सत्ता में भाजपा होती है तो कांग्रेस के 17-18 पार्षद ही मुश्किल से जीतकर आते हैं और भाजपा सत्ता तथा प्रशासनिक संसाधनों का इस्तेमाल करती है।

'भाजपा पार्षद अंतरात्मा की आवाज पर मतदान करें'

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने जयपुर की वरिष्ठ पार्षद सुनीता मावर को महापौर प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने कहा कि जयपुर की दिशा और दशा बदलनी है तो केवल कांग्रेस ही नहीं, भाजपा के पार्षदों को भी अपनी अंतरात्मा की आवाज पर मतदान करना चाहिए।

शर्मा ने दावा किया कि भाजपा में महापौर प्रत्याशी के चयन को लेकर कई पार्षद खुद को आहत महसूस कर रहे हैं और उन्हें लगता है कि टिकट वितरण में उनके साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि अंतरात्मा की आवाज पर बहुत कुछ ऐसा होने वाला है, जो चौंकाने वाला होगा।

शर्मा ने सुनीता मावर को अनुभवी प्रत्याशी बताते हुए कहा कि उन्हें चार बार पार्षद रहने का अनुभव है और परकोटे सहित जयपुर शहर की समस्याओं की जमीनी समझ है। उन्होंने भाजपा पर महापौर प्रत्याशी के चयन को लेकर लंबे समय तक असमंजस में रहने का आरोप लगाया। साथ ही धनबल और बाहुबल के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस नैतिकता के आधार पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने इसे 'तानाशाही बनाम तपस्या की लड़ाई' बताते हुए कहा कि कांग्रेस को भरोसा है कि अंततः उसकी तपस्या सफल होगी।

रफीक खान बोले- वोटों के आंकड़ों में कांग्रेस आगे

कांग्रेस विधायक रफीक खान ने कहा कि जयपुर में वोटों के आंकड़ों को देखें तो कांग्रेस को भाजपा की तुलना में अधिक वोट मिले हैं। उन्होंने कहा कि जनता के जनादेश के हिसाब से कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी सुनीता मावर मजबूत दावेदार हैं।

खान ने भाजपा के महापौर प्रत्याशी को लेकर सवाल उठाते हुए दावा किया कि भाजपा प्रत्याशी अपने वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी से महज 600 वोटों से जीते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वहां कड़ी चुनौती दी और भाजपा प्रत्याशी को जीत के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

खान ने कहा कि सुनीता मावर परकोटे में रहती हैं और जयपुर की जमीनी समस्याओं की जानकारी रखती हैं। उनके अनुसार भाजपा के कई पार्षद भी जानते हैं कि सुनीता मावर धरातल पर काम करने वाली नेता हैं।

खान ने दावा किया कि कांग्रेस की प्रत्याशी सुनीता मावर महापौर बनेंगी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें यह तक पता नहीं है कि नगर निगम कहां है और वह कैसे काम करेगा। खान ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी कॉरपोरेट घराने से जुड़े लोग हैं और कहा कि कॉरपोरेट चलाया जा सकता है, नगर निगम नहीं। उन्होंने कहा कि पैसे कमाने वालों को नगर निगम में बैठाने की कोशिश को जनता स्वीकार नहीं करेगी।

जयपुर नगर निगम महापौर पद के लिए भाजपा ने सुनील कोठारी और कांग्रेस ने सुनीता मावर को प्रत्याशी बनाया है। दोनों ने 19 सितंबर को नामांकन दाखिल किया। महापौर पद के लिए मतदान 25 सितंबर को होना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story