चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन सुर्खियों में बने रहने की कोशिश : मदन राठौड़
जयपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने दिल्ली में कांग्रेस के चुनाव आयोग के खिलाफ किए जा रहे प्रदर्शन को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि दिल्ली में ‘चुनाव आयोग बनाम कांग्रेस पार्टी’ की स्थिति बनाई जा रही है। यदि कांग्रेस को चुनाव आयोग से कोई शिकायत है तो उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रतिनिधिमंडल के साथ आयोग के अधिकारियों से मिलकर अपनी बात रखनी चाहिए।
राठौड़ ने कहा कि चुनाव आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया निर्धारित है। कांग्रेस पांच से सात लोगों का प्रतिनिधिमंडल बनाकर समय लेकर अधिकारियों से मिल सकती है, लेकिन 300-400 लोगों के साथ प्रदर्शन करना केवल राजनीतिक प्रदर्शन और समाचारों की सुर्खियों में बने रहने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रदर्शन से न तो निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कोई कार्रवाई हो सकती है और न ही चुनाव प्रक्रिया पर इसका कोई प्रभाव पड़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस तरह के प्रदर्शनों से जनता में भ्रम पैदा करने और उसे भड़काने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस से लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं में विश्वास रखते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी बात रखने की अपील की।
राहुल गांधी के व्यवहार पर सवाल
मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के व्यवहार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं से मर्यादित और गरिमापूर्ण आचरण की अपेक्षा होती है। राठौड़ ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने महिला पुलिसकर्मी की पीठ पर जिस तरह हाथ लगाया, वह उचित नहीं था। उन्होंने कहा कि मीडिया को भी इस आचरण की निंदा करनी चाहिए। राठौड़ के अनुसार महिला पुलिसकर्मी के साथ इस तरह का व्यवहार संस्कार और मर्यादा के अभाव को दर्शाता है।
कांग्रेस की एकजुटता पर भी निशाना
कांग्रेस नेताओं के एकजुटता के दावों पर राठौड़ ने कहा कि ‘हम सब एक हैं’ कहने की जरूरत उसी को पड़ती है, जिसके मन में संदेह होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता केवल फोटो फ्रेम के लिए एक साथ खड़े हो रहे हैं और पार्टी के भीतर के मतभेद नेताओं के बयानों और गतिविधियों से सामने आ रहे हैं।
राठौड़ ने कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और सचिन पायलट से जुड़े घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस के नेता सचिन पायलट को बच्चा समझते हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के सम्मान और उनकी स्वतंत्रता का ध्यान रखा जाना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि देश में अस्थिरता पैदा करने के प्रयास हो रहे हैं और इसके पीछे विदेशी साजिश हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि कुछ नेता विदेशी ताकतों की कठपुतली बनकर काम कर रहे हैं। उन्होंने जनता से देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने वाले प्रयासों से सावधान रहने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

