बीकानेर निगम में बने कांग्रेस के मेयर अनिल कल्ला, बारह साल बाद कांग्रेस की सदन में वापसी
बीकानेर, 21 सितंबर (हि.स.)। बीकानेर नगर निगम को सोमवार को नया मेयर मिल गया। मेयर चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मंत्री डाॅ. बी.डी.कल्ला के भतीजे अनिल कल्ला ने 50 वोट हासिल कर भाजपा के सुरेंद्र सिंह शेखावत को 20 वोटों से हरा दिया। शेखावत को 30 वोट मिले। 80 सदस्यीय नगर निगम में बहुमत के लिए 41 वोट जरूरी थे। कांग्रेस के पास 42 निर्वाचित पार्षद थे, जबकि भाजपा के 27 पार्षद चुने गए थे। इसके अलावा 10 निर्दलीय पार्षद व एक आरएलपी का पार्षद भी चुनाव में निर्णायक भूमिका में थे।
कांग्रेस ने इस चुनाव में अपने पार्षदों के साथ-साथ निर्दलीय पार्षदों का भी समर्थन जुटाया और कुल 50 वोट हासिल किए। वहीं भाजपा 30 वोटों तक ही सिमट गई। चुनाव से पहले दोनों दलों ने अपने-अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी की थी। भाजपा को क्रॉस वोटिंग की उम्मीद थी, लेकिन मतदान के नतीजों ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया।
पिछले दो निकाय चुनावों में कांग्रेस को भाजपा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इस बार कांग्रेस ने नगर निगम में शानदार वापसी करते हुए 42 पार्षदों के साथ बहुमत हासिल किया और अब मेयर पद भी अपने नाम कर लिया। वर्ष 2009 के बाद यह पहला मौका है, जब कांग्रेस बीकानेर नगर निगम के सदन में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में लौटी है।
सोमवार सुबह मतदान शुरू होने के साथ ही कांग्रेस के पार्षदों को अलग-अलग साधनों से नगर निगम पहुंचाया गया। कांग्रेस के सभी पार्षदों के मतदान के बाद भाजपा के पार्षद बस से मतदान स्थल पहुंचे। इस बस में नगर विधायक जेठानंद व्यास भी मौजूद थे। वे भाजपा पार्षदों के साथ नगर निगम पहुंचे। मतदान का निर्धारित समय दोपहर 2 बजे तक था, लेकिन सभी 80 पार्षद करीब 1 बजे तक मतदान कर चुके थे। इसके तुरंत बाद मतगणना शुरू हुई और करीब 1:30 बजे से पहले ही अनिल कल्ला को विजयी घोषित कर दिया गया।
चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता पहले से ही उत्साहित नजर आए। नगर निगम के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे। भाजपा की ओर से इस तरह की नारेबाजी देखने को नहीं मिली। जैसे ही अनिल कल्ला की जीत की घोषणा हुई, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। गुलाल उड़ाया गया, आतिशबाजी की गई और डीजे की धुन पर कार्यकर्ता जमकर नाचे।
पुलिस ने भीड़ के बीच से अनिल कल्ला को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें उनके घर तक पहुंचाया। इसके बाद डागा मोहल्ले में भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और कल्ला समर्थक पहुंच गए। यहां नारेबाजी के साथ गुलाल उड़ाया गया और आतिशबाजी की गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी और अनिल कल्ला को फूल मालाओं से लाद दिया।
मेयर चुनाव के दौरान अनिल कल्ला के चाचा और पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला पूरे समय नगर निगम परिसर में मौजूद रहे। कांग्रेस की ओर से शहर अध्यक्ष मदन मेघवाल, देहात अध्यक्ष विश्नाराम सियाग सहित कई वरिष्ठ नेता निगम परिसर में मौजूद रहे।
भाजपा की ओर से नगर विधायक जेठानंद व्यास, सत्यप्रकाश आचार्य, मोहन सुराणा सहित कुछ नेता निगम परिसर में नजर आए, लेकिन भाजपा की ओर से कोई नेता पूरे समय वहां मौजूद नहीं रहा। मतदान के नतीजे आने के साथ ही कांग्रेस ने नगर निगम में महापौर पद पर अपना कब्जा जमा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

