पंचायत-निकाय चुनाव नहीं कराए तो आंदोलन करेगी कांग्रेस: खाचरियावास

WhatsApp Channel Join Now
पंचायत-निकाय चुनाव नहीं कराए तो आंदोलन करेगी कांग्रेस: खाचरियावास


जयपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में रविवार को पंचायती राज एवं निकाय चुनाव नहीं कराए जाने के विरोध में ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में संपन्न हुई।

बैठक में जयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी, मंडल अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए खाचरियावास ने कहा कि पंचायती राज एवं निकाय चुनावों को टालना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। इससे आम जनता के अधिकारों का हनन हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द चुनाव नहीं कराए गए तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाएगी और सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने, आमजन से जुड़ने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा करते हुए ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story