शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस का जयपुर में उग्र प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस का जयपुर में उग्र प्रदर्शन


शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस का जयपुर में उग्र प्रदर्शन


शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस का जयपुर में उग्र प्रदर्शन


जयपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का आंदोलन बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय के घेराव का ऐलान करते हुए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च निकाला। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लिया।

मार्च शुरू होने से पहले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर केंद्र सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद रैली भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर रवाना हुई, लेकिन पुलिस कमिश्नरेट के निकट पहले से की गई बैरिकेडिंग के कारण पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

वहीं भाजपा मुख्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कमिश्नरेट के सामने धक्का-मुक्की हो गई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की में उलझ गए। कार्यकर्ताओं के लगातार आगे बढ़ने के प्रयास के बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछारों के बाद कई कार्यकर्ता तितर-बितर हो गए। प्रदर्शन के दौरान एक महिला कार्यकर्ता की तबीयत बिगड़ने से वह बेहोश हो गई, जिसे तत्काल मौके से हटाकर उपचार के लिए भेजा गया।

प्रदर्शन को देखते हुए जयपुर पुलिस सुबह से ही अलर्ट मोड पर रही। संसार चंद्र रोड, गवर्नमेंट हॉस्टल सर्किल और भाजपा मुख्यालय की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को भाजपा कार्यालय तक पहुंचने से रोका। अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया।

कांग्रेस के पैदल मार्च और पुलिस कार्रवाई के चलते संसार चंद्र रोड, गवर्नमेंट हॉस्टल सर्किल और आसपास के क्षेत्रों में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। वाहनों की लंबी कतारें लगने पर पुलिस ने ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट कर स्थिति सामान्य बनाने का प्रयास किया।

पूर्व विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देंगे, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दिन पहले भाजपा द्वारा किया गया प्रदर्शन केवल राजनीतिक नाटक था, क्योंकि सरकार स्वयं भाजपा की है और वाटर कैनन का इस्तेमाल भी केवल दिखावे के लिए किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है। उनका कहना था कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होनी चाहिए और इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में आंदोलन चलाया जा रहा है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story