मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान को लेकर कांग्रेस किया धरना और उपवास

WhatsApp Channel Join Now
मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान को लेकर कांग्रेस किया धरना और उपवास


जयपुर, 11 जनवरी (हि.स.)। केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा कानून को समाप्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी के मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत शनिवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर जिला कांग्रेस कमेटियों की ओर से धरना एवं उपवास कार्यक्रम आयोजित किए गए। जयपुर में शहीद स्मारक पर हुए कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, एआईसीसी प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शामिल हुए।

प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि मनरेगा गरीबों की रोजी-रोटी का आधार रही है, जिसे समाप्त कर केंद्र की भाजपा सरकार ने ग्रामीण गरीबों से रोजगार का अधिकार छीन लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नई योजना में न तो रोजगार की गारंटी है और न ही पूरी मजदूरी की जिम्मेदारी केंद्र सरकार ले रही है, बल्कि 40 प्रतिशत भार राज्यों पर डाला जा रहा है। उन्होंने राजस्थान सरकार की वित्तीय स्थिति को कमजोर बताते हुए कहा कि ऐसे में योजना का संचालन संभव नहीं है।

एआईसीसी प्रभारी रंधावा ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में गरीबों के हित में मनरेगा की पुनर्स्थापना के लिए संघर्ष कर रही है, जबकि भाजपा सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या राज्य सरकार नई योजना में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी वहन करने को तैयार है। कांग्रेस ने मनरेगा को पूर्व प्रावधानों के साथ बहाल करने की मांग दोहराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766332 Articles

Share this story