शहर जिला कांग्रेस ने रैली निकाल कर शुरू किया अरावली बचाओ जन आंदोलन
अजमेर, 27 दिसम्बर(हि.स.)। केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से अरावली बचाओ अभियान एवं मनरेगा को लेकर आंदोलनरत कांग्रेसियों ने अरावली पर्वतमाला को हो रहे नुकसान, अवैध खनन तथा पर्यावरण से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर शनिवार को प्रदेशभर में अरावली बचाओ जन आंदोलन” जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, इसी क्रम में अजमेर जिले में भी कांग्रेस द्वारा रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
शनिवार को 11:00 बजे, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में ज्योतिबा फूले सर्किल से गांधी भवन, मदार गेट तक करीब तीन किलोमीटर पैदल मार्च निकाला गया। यह पैदल मार्च अरावली पर्वतमाला की रक्षा, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के संकल्प के साथ आयोजित किया गया।
डॉ.राजकुमार जयपाल ने बताया कि रैली में अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी, ब्लॉक, मंडल, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ताओं एवं सभी कांग्रेसजनों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। रैली में प्रदेश सचिव सुनील लारा, सरस डेयरी अजमेर अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम द्रौपदी कोली, पूर्व विधायक श्रीगोपाल बाहेती, पूर्व देहात जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़, पार्षद नौरत गुर्जर, ब्लाक अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल, विजय नागौरा आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

