कांग्रेस ने झूठ बोलकर राज किया: भजनलाल शर्मा


झुंझुनू, 2 मार्च (हि.स.)। जिले के नवलगढ़ में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि झुंझुनू किसानों और जवानों की धरती है। यहां का जवान जीरो माइनस और पचास डिग्री तापमान में देश की रक्षा करता है। यहां का सैनिक देश के किसी भी कोने में होता है, वह झुंझुनू के साथ राजस्थान और मां भारती का गौरव बढ़ता है। देश में सबसे ज्यादा सैनिक झुंझुनू की धरती के है, ये धरती नमन करने योग्य और पूजनीय है। मुख्यमंत्री यमुना जल समझौता होने के बाद शनिवार को नवलगढ़ में आयोजित जल समझौता धन्यवाद सभा में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने यमुना नहर समझौते का जिक्र करते हुए कहा कि योजना के तहत राजस्थान में तीन पाइप लाइन आएगी। चौथी लाइन हरियाणा की होगी। यह समझौता हुआ है। क्या किसी प्यासे को पानी नहीं पिलाना चाहिए। किसी के घर से पाइप लाइन आएगी तो उसे भी कुछ देना पड़ेगा। मैं कांग्रेस के वक्तव्य का झुंझुनू की धरती से जवाब देना चाहता हूं। कांग्रेस ने यमुना के पानी को लाने के लिए कोई काम नहीं किया, लेकिन हमने कहा कि राजस्थान के हक का पानी हमें चाहिए। हरियाणा का हिस्सा उनके पास और 1917 एमजीएम हिस्सा हमारे पास रहेगा। ईआरसीपी से भी राजस्थान के 21 जिलों को फायदा होने वाला है। उन्होंने कहा मध्यप्रदेश में कमलनाथ की सरकार थी। कांग्रेस सरकार ने वहां लगातार पत्र लिखे लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं आया। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने कहा राजस्थान के हक का पानी राजस्थान को मिलना चाहिए और सरकारों के बीच समझौता हो गया।
कांग्रेस में कितनी बार हरियाणा, राजस्थान और केंद्र में सरकार रही है। लेकिन आपने क्यों नहीं किया। जनता को जवाब दीजिए। हमारी सरकार बनते ही दो महीने में समझौता हो गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस देश पर कांग्रेस ने सबसे ज्यादा राज किया है। वो झूठे वादे करते थे। यमुना के पानी लाने के नाम पर वोट लेकर जीतते थे। मैं कांग्रेस के लोगों को बताना चाहता हूं कि 70 साल के बाद भी गांवों में सड़क, नाली, शिक्षा और चिकित्सा की आवश्यकता है। फिर कांग्रेस के लोग किस मुंह से वोट मांगने का काम करते हैं।
इंदिरा, राजीव, सोनिया और राहुल गांधी भी गरीबी हटाने के नाम वोट मांग रहे हैं। अब न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। अगर सबसे ज्यादा महिला अत्याचार की घटना राजस्थान में हुई है। दलित के साथ सबसे ज्यादा अत्याचार हुआ तक आपको न्याय यात्रा निकालनी चाहिए थी। अब चुनाव आ गए है तो न्याय यात्रा और भारत जोड़ यात्रा निकाल रहे हैं। भारत तोड़ने का काम तो आपने 70 साल में किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को जवाब देते हुए कहा कि आपको इतना गुस्सा क्यों आ रहा है गहलोत साहब कल आपने कहा ब्यूरोक्रेसी हावी है। ब्यूरोक्रेसी और आपके मंत्री आपके जमाने में क्या करते थे हमें वो भी पता है। हमने ट्रांसफरों का बैन खोला है तो डोटासरा जी आपको क्या दिक्कत आ गई। आपकी सरकार में तो खर्ची से काम होता था। बिना खर्ची के कोई काम नहीं होता था। हमारी सरकारी जीरो टोलरेंस पर काम करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अशोक गहलोत की खुद की गारंटी नहीं थी तो वो कैसे गारंटी दे सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही गारंटी दे सकते हैं और गारंटी की भी गारंटी दे सकते हैं। विकास कार्यों की नींव भी हम रखते हैं और उद्घाटन भी हम ही करते हैं। इस देश में गारंटी पर भी गारंटी देने वाले एकमात्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है। जो शिलान्यास भी वही करते है और उद्घाटन भी वही करते हैं। हमने कहा था कर दिया है। पेपर लीक करने वालों को रोज पकड़ा जा रहा है उनको बख्शा नहीं जाएगा।
इस दौरान राज्य के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, जन संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, विधायक विक्रम सिंह जाखल, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने खेतड़ी में भी एक जनसभा को सम्बोधित किया।
हिन्दुस्थान समाचार/ रमेश/संदीप