भाजपा के कुशासन, भ्रष्टाचार और विफलताओं के खिलाफ कांग्रेस ने जारी किया ‘ब्लैक पेपर’

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा के कुशासन, भ्रष्टाचार और विफलताओं के खिलाफ कांग्रेस ने जारी किया ‘ब्लैक पेपर’


मुख्यमंत्री का अजमेर रोड शो फ्लॉप शो साबित हुआ — कांग्रेस

अजमेर, 6 सितम्बर(हि.स.)। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने आज भारतीय जनता पार्टी के कुशासन, कथित भ्रष्टाचार और सरकार की विफलताओं को लेकर ‘ब्लैक पेपर’ जारी किया। इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा एवं राज्य सरकार की कार्यशैली, जनविरोधी नीतियों और विकास के दावों पर तीखे सवाल खड़े करते हुए जमकर हमला बोला।

पत्रकार वार्ता में आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन धर्मेंद्र सिंह राठौड़, अजमेर दक्षिण से प्रत्याशी रहीं द्रौपदी कोली, सचिव सुनील लारा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेश टंडन, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष फखरे मोइन एवं विवेक पाराशर, संगठन महासचिव महेंद्र चौधरी, प्रवक्ता शैलेश गुप्ता तथा कार्यालय सचिव चंद्रेश सुनिया सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री के अजमेर आगमन पर आयोजित रोड शो पर जोरदार निशाना साधते हुए इसे ‘फ्लॉप शो’ करार दिया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्थानीय जनता का अपेक्षित समर्थन नहीं मिलने के कारण भाजपा के देहात उपाध्यक्ष जीतमल प्रजापति को सोशल मीडिया के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों को बुलाने की अपील करनी पड़ी।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि तमाम प्रयासों के बावजूद रोड शो में अपेक्षित भीड़ नहीं जुट पाई और लगभग 500 से 600 लोगों की मौजूदगी भाजपा के लिए निराशाजनक स्थिति रही। कांग्रेस ने इसे अजमेर में भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक फेलियर बताते हुए कहा कि जनता अब खोखले दावों और जुमलों से प्रभावित होने वाली नहीं है।

कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान डीजे बजाए जाने तथा शहर के बाजारों में भाजपा के झंडे लगाए जाने को लेकर भी कड़ा विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद खुलेआम राजनीतिक गतिविधियां और प्रदर्शन किए गए।

अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि चुनाव आचार संहिता सभी राजनीतिक दलों के लिए समान रूप से लागू है, तो उसके उल्लंघन पर कार्रवाई भी निष्पक्ष और समान रूप से होनी चाहिए। कांग्रेस ने प्रशासन की कथित चुप्पी को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि कानून और आचार संहिता का पालन कराने की जिम्मेदारी प्रशासन की है।

कांग्रेस नेताओं ने अजमेर की जागरूक जनता से अपील की कि वे अपनी आंखें खुली रखें और दिमाग चौकन्ना रखें, ताकि भाजपा के कथित झूठे दावों, बहकावे और जुमलों के प्रभाव में न आएं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव अजमेर के भविष्य का चुनाव है। जनता को ऐसे जनप्रतिनिधियों का चुनाव करना चाहिए जो शहर के सर्वांगीण विकास, सड़क, पानी, सफाई, यातायात, मूलभूत सुविधाओं और पारदर्शी प्रशासन के लिए जवाबदेह हों।

कांग्रेस ने अजमेर की जनता से शहर के विकास, शांति, भाईचारे और पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन के लिए सभी वार्डों में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने का पुरजोर आह्वान किया।

कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने बताया कि पत्रकार वार्ता में अमित गर्ग, नितिन जैन, मुकेश पवार, हरि प्रसाद जाटव, सुमित मित्तल, सुरेंद्र गुर्जर, हेमराज खारोलिया, योगेश जाटोलिया, चंद्रेश सोनिया, शैलेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story