भीलवाड़ा में गैस के दामाें में बढोतरी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सड़क पर चूल्हा जलाकर बनाई चाय

WhatsApp Channel Join Now
भीलवाड़ा में गैस के दामाें में बढोतरी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सड़क पर चूल्हा जलाकर बनाई चाय


भीलवाड़ा में गैस के दामाें में बढोतरी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सड़क पर चूल्हा जलाकर बनाई चाय


भीलवाड़ा में गैस के दामाें में बढोतरी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सड़क पर चूल्हा जलाकर बनाई चाय


भीलवाड़ा, 16 मार्च (हि.स.)। रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और गैस की कथित कमी को लेकर सोमवार को भीलवाड़ा में जिला देहात कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला देहात कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मंत्री रामलाल जाट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने सड़क के बीच चूल्हा जलाकर प्रतीकात्मक विरोध जताया।

महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चूल्हे पर चाय बनाकर महंगाई के खिलाफ अपना आक्रोश प्रकट किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकते हुए सरकार के खिलाफ जोरदार नारे लगाए। विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने भी अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने सड़क के बीच गैस सिलेंडर रखकर सरकार की नीतियों पर विलाप करते हुए महंगाई को लेकर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से देश में लगातार महंगाई बढ़ती जा रही है और सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई पर नियंत्रण करना अब सरकार के बस से बाहर हो गया है।

रामलाल जाट ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आम जनता की समस्याओं को समझने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है और सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आमजन की आवाज उठाती रही है और यदि जल्द ही गैस की कीमतों में राहत नहीं दी गई तो कांग्रेस पार्टी जनहित में अपने आंदोलन को और तेज करेगी।

इस दौरान महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशीला सालवी ने भी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के शासनकाल में महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। आम आदमी की कमाई का बड़ा हिस्सा अब रसोई गैस और घर के खर्च में ही निकल जाता है, जिससे परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान जिला देहात कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें पूर्व जिलाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी, पूर्व सभापति ओम नरानीवाल, हेमेंद्र शर्मा, दुर्गेश शर्मा, मंजू पोखरना, मधु जाजू और दुर्गा बैरवा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

Share this story