भाजपा कार्यालय के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन
चित्तौड़गढ़, 17 दिसंबर (हि.स.)। नेशनल हेराल्ड मामले में आए फैसले के बाद बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भाजपा जिला कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। यहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के झंडे लहराए। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीएम के साथ ही प्रवर्तन निदेशालय के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान निंबाहेड़ा मार्ग स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर पुलिस सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त देखे गए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने आरोप लगाते हुए बताया कि केंद्र सरकार ने जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी को जानबूझ कर निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि ईडी की कार्रवाई पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सिसोदिया ने कहा कि इस पूरे मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा और अहम फैसला सुनाते हुए सोनिया गांधी और राहुल गांधी को राहत प्रदान की है। इससे केंद्र सरकार को करारा झटका लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है और विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का सहारा ले रही है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी इस तरह की कथित तानाशाही सोच के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करती रहेगी और जनता को सच्चाई से अवगत कराएगी। प्रदर्शन में कांग्रेस के जिला, ब्लॉक व मंडल स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
कार्यालय के बाहर लगाया टेंट, हुई नारेबाजी
कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे जिले से बड़ी संख्या में शहर स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। यहां उन्होंने केंद्र सरकार व ईडी के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चित्तौड़गढ़ डिप्टी बृजेश सिंह, सदर थानाधिकारी निरंजन प्रताप सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

