जयपुर में दस दिन चलेगा कांग्रेस के नए राष्ट्रीय सचिवों का प्रशिक्षण शिविर

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में दस दिन चलेगा कांग्रेस के नए राष्ट्रीय सचिवों का प्रशिक्षण शिविर


जयपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। राजधानी जयपुर के बाड़ा पदमपुरा में कांग्रेस के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिवों का दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा। 30 नवंबर को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शिविर का उद्घाटन करेंगे, जबकि 9 दिसंबर को समापन सत्र में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। दोनों वरिष्ठ नेताओं के जयपुर दौरे का कार्यक्रम तय हो चुका है। कांग्रेस ने प्रशिक्षण शिविर की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

शिविर में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिवों को संगठनात्मक कार्यप्रणाली और राजनीतिक रणनीति का प्रशिक्षण देंगे। पार्टी ने 19 नवंबर को 81 नए राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए हैं। इन सभी को अलग-अलग राज्यों में सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्यों में संगठन की जिम्मेदारी संभालने से पहले इन पदाधिकारियों को पार्टी की नीतियों, संगठन संचालन और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।

बाड़ा पदमपुरा में प्रशिक्षण शिविर के आयोजन को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। तैयारियों का जायजा लेने के लिए कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल 25 नवंबर को जयपुर आएंगे। वे आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं और शिविर से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

बाड़ा पदमपुरा में इससे पहले भी कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के प्रशिक्षण शिविर आयोजित हो चुके हैं। वर्ष 2003 में यहां कांग्रेस का तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर हुआ था, जिसमें तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। इसके अलावा यहां प्रदेश स्तर के कई प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जा चुके हैं।

कांग्रेस में नवनियुक्त पदाधिकारियों को राज्यों में जिम्मेदारी संभालने से पहले प्रशिक्षण देने की नई पहल की गई है। पार्टी का प्रशिक्षण प्रकोष्ठ हर साल नेताओं के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण शिविर आयोजित करता रहा है। इससे पहले माउंट आबू में भी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। इन शिविरों में चुनिंदा नेताओं को ही आमंत्रित किया जाता है।

बाड़ा पदमपुरा में होने वाले 10 दिवसीय शिविर में राष्ट्रीय सचिवों को संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने, पार्टी की विचारधारा और नीतियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने तथा कांग्रेस के पक्ष में राजनीतिक विमर्श तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के बेहतर निर्वहन के गुर भी सिखाए जाएंगे।

कांग्रेस की ओर से नियुक्त 81 राष्ट्रीय सचिवों में राजस्थान के छह नेता शामिल हैं। इनमें हेम सिंह शेखावत, रेहाना रियाज, धीरज गुर्जर, डूंगर राम गेदर, दानिश अबरार और जगदीश जांगिड़ के नाम शामिल हैं। ये सभी नेता प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781553 Articles

Share this story