कांग्रेस का संकल्प पत्र जारी, भाजपा बोर्ड पर लगाए शहर की बदहाली के आरोप

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस का संकल्प पत्र जारी, भाजपा बोर्ड पर लगाए शहर की बदहाली के आरोप


कांग्रेस का संकल्प पत्र जारी, भाजपा बोर्ड पर लगाए शहर की बदहाली के आरोप


उदयपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम चुनाव-2026 को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को अपना संकल्प पत्र जारी कर चुनावी मुकाबले को विकास और शहर की बुनियादी सुविधाओं के मुद्दे पर केंद्रित करने का प्रयास किया। कांग्रेस नेताओं ने मौजूदा भाजपा बोर्ड पर शहर की मूलभूत व्यवस्थाओं की अनदेखी, माइक्रो लेवल प्लानिंग के अभाव और उदयपुर की ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक पहचान के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाया। पार्टी ने दावा किया कि सत्ता में आने पर उदयपुर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, पर्यावरण-संवेदनशील, पर्यटन केंद्रित और जन-केंद्रित शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।

कांग्रेस ने अपने संकल्प पत्र में कहा कि मेवाड़ की आन-बान-शान और ऐतिहासिक-सांस्कृतिक पहचान रखने वाला उदयपुर आज बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, यातायात, पेयजल और पर्यावरण जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। पार्टी ने इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए माइक्रो लेवल प्लानिंग के साथ शहर के विकास का रोडमैप तैयार करने का दावा किया।

देहात उदयपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि संकल्प पत्र में उदयपुर की झीलों को सबसे प्रमुख मुद्दों में शामिल किया गया है। पिछोला, फतहसागर और उदयसागर सहित शहर की प्रमुख झीलों में गंदे पानी की रोकथाम के लिए आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का वादा किया गया है।

बेड़च नदी और उदयसागर झील में पहुंचने वाले प्रदूषित पानी की नियमित निगरानी के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने की बात भी कही गई है। पार्टी ने हर वार्ड में समान दबाव के साथ नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है।

रिवरफ्रंट और 4000 वर्ष पुरानी आहाड़ सभ्यता पर फोकस

-कांग्रेस ने उपेक्षित ऐतिहासिक रिवरफ्रंट के पुनरुद्धार का वादा किया है। इसके साथ ही आहाड़ सभ्यता और आयड़ नदी को अतिक्रमण तथा प्रदूषण से मुक्त कराने की योजना संकल्प पत्र में शामिल की गई है।

शहर के प्राचीन मंदिरों, बावड़ियों, घाटों और ऐतिहासिक स्मारकों के संरक्षण के लिए विशेष ‘धरोहर संरक्षण कोष’ गठित करने की घोषणा की गई है। कांग्रेस ने कहा कि उदयपुर के विकास के साथ उसकी ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखना भी उसकी प्राथमिकता होगी।

अरावली पर अवैध निर्माण और कटाई रोकने का दावा

-पर्यावरण संरक्षण को लेकर कांग्रेस ने अरावली की पहाड़ियों पर अवैध पेड़ों की कटाई और निर्माण गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगाने का वादा किया है। साथ ही शहर के हरित आवरण को बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही गई है।

हर वार्ड में स्वास्थ्य क्लीनिक

-संकल्प पत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को भी प्रमुखता दी गई है। कांग्रेस ने हर वार्ड में निःशुल्क प्राथमिक जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराने वाले ‘स्वास्थ्य क्लीनिक’ खोलने की घोषणा की।

गंभीर बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद लोगों के लिए निगम स्तर पर विशेष चिकित्सा सहायता शिविर और सहायता डेस्क स्थापित करने का भी वादा किया गया है।

गरीब, श्रमिक और जरूरतमंद वर्ग के लिए घोषणाएं

-कांग्रेस ने गरीब परिवारों और श्रमिकों को रियायती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने की बात कही है। वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए घर-द्वार पर सत्यापन एवं निस्तारण शिविर लगाने का संकल्प लिया गया है।

युवाओं के लिए ई-लाइब्रेरी और कौशल विकास केंद्र

-शिक्षा और रोजगार के मोर्चे पर पार्टी ने प्रत्येक वार्ड में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ई-लाइब्रेरी स्थापित करने का वादा किया है। इन ई-लाइब्रेरियों में फ्री वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

युवाओं और महिलाओं को कंप्यूटर, पर्यटन, हस्तशिल्प सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण देने के लिए कौशल विकास केंद्र स्थापित करने का भी संकल्प पत्र में उल्लेख है।

272 विवादित प्लॉटों के समाधान का दावा

-नगर निगम से जुड़े लंबे समय से लंबित मामलों को लेकर कांग्रेस ने 272 विवादित प्लॉटों के प्रकरणों का पारदर्शी और त्वरित समाधान करने का वादा किया है। शहर के बंद पड़े सामुदायिक भवनों के जीर्णोद्धार की घोषणा भी की गई है।

महिला सुरक्षा पर नाइट विजन कैमरे

-महिला सुरक्षा को लेकर संवेदनशील स्थानों पर नाइट-विजन सीसीटीवी कैमरे लगाने का वादा किया गया है। कांग्रेस का दावा है कि इससे शहर में निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी और महिलाओं सहित आम नागरिकों को अधिक सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।

बेघर और पुराने निवासियों को पट्टे

-कांग्रेस ने लंबे समय से बसे पुराने निवासियों और बेघर परिवारों को आवासीय पट्टे देने की घोषणा की है। शहर को स्लम-फ्री बनाने और पुराने कब्जों के नियमितीकरण की योजना भी संकल्प पत्र में शामिल की गई है।

फायर सेफ्टी और नए फायर स्टेशन

-आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए 70 मीटर फ्री एयर स्पेस नियम लागू करने तथा शहर में नए फायर स्टेशन स्थापित करने का वादा किया गया है। कांग्रेस ने इसे शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने से जोड़कर पेश किया।

मेट्रो सिटी और ग्लोबल वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने का सपना

-कांग्रेस ने उदयपुर के भविष्य को लेकर भी बड़े लक्ष्य सामने रखे हैं। संकल्प पत्र में उदयपुर को भविष्य में मेट्रो सिटी, पर्यटन नगरी और विश्वस्तरीय वेडिंग सिटी के रूप में विकसित करने की बात कही गई है।

ईस्टर्न इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के माध्यम से रोजगार के नए अवसर पैदा करने का दावा किया गया है। शहर में फिल्म सिटी टाउनशिप विकसित करने की योजना भी संकल्प पत्र में शामिल है।

राजीव गांधी पार्क को डिज्नीलैंड की तर्ज पर विकसित करने का वादा

-कांग्रेस ने राजीव गांधी पार्क को डिज्नीलैंड की तर्ज पर विश्वस्तरीय गार्डन के रूप में विकसित करने की घोषणा की है। इसके साथ ही रिंग रोड और सैटेलाइट टाउन विकसित कर शहर के भीतर बढ़ते यातायात दबाव को कम करने का वादा किया गया है।

नाइट फूड प्लाजा से नाइट इकॉनोमी को बढ़ावा

-उदयपुर की पर्यटन क्षमता को रात के समय भी उपयोग में लाने के लिए नाइट फूड प्लाजा विकसित करने की बात कही गई है। कांग्रेस का दावा है कि इससे शहर की नाइट इकॉनोमी को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कारोबारियों, युवाओं तथा पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

मेवाड़ी भाषा और संस्कृति के संरक्षण का संकल्प

-कांग्रेस ने मेवाड़ी भाषा और संस्कृति को संरक्षित करने के लिए विशेष आयोजन और कार्यक्रम आयोजित करने का वादा किया है। पार्टी ने कहा कि आधुनिक विकास के साथ उदयपुर की स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत किया जाएगा।

यूडी टैक्स की समीक्षा और नागरिकों के लिए जीवन सुरक्षा बीमा

-संकल्प पत्र में यूडी टैक्स की तर्कसंगत समीक्षा करने और नागरिकों के लिए जीवन सुरक्षा बीमा पॉलिसी लागू करने का भी वादा किया गया है।

एक वोट से उदयपुर को बदलने की अपील

-कांग्रेस ने संकल्प पत्र के माध्यम से मतदाताओं से अपील की कि उदयपुर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को बचाने के लिए शहरवासियों को एकजुट होकर आगे आना होगा। पार्टी ने अपने चुनावी संदेश में एक वोट को उदयपुर के भविष्य से जोड़ते हुए शहर को अधिक विकसित और खूबसूरत बनाने का दावा किया।

संकल्प पत्र जारी करते हुए कांग्रेस नेताओं ने भाजपा बोर्ड के कार्यकाल को लेकर तीखे आरोप लगाए और कहा कि शहर के विकास के लिए केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि माइक्रो लेवल प्लानिंग और प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता है। कांग्रेस ने इन वादों के जरिए चुनावी मुकाबले को सीधे तौर पर भाजपा के नगर निगम बोर्ड के कामकाज के मुकाबले अपने प्रस्तावित विजन पर केंद्रित करने की कोशिश की है।

इस अवसर पर पूर्व जिला कलेक्टर एवं पूर्व सांसद प्रत्याशी ताराचंद मीणा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा, उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, मेनिफेस्टो कांग्रेस कमेटी के चेयरमैन प्रो. पी.आर. व्यास, कांग्रेस विचार विभाग के सदस्य प्रो. दरियाव सिंह चुंडावत एवं प्रो. महेश शर्मा सहित फीरोज अहमद शेख, दिनेश दवे और बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story